KCG

जिला स्तरीय युवा संसद में कन्या विद्यालय खैरागढ़ ने मारी बाजी, संभागीय प्रतियोगिता में करेंगे शिरकत

खैरागढ़। जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता सत्र 2026-27 का आयोजन पीएमश्री स्वामी आत्मानंद कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, खैरागढ़ में किया गया। प्रतियोगिता का विषय ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ निर्धारित था। इसमें जिले के दो विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भारतीय संसद की कार्यप्रणाली का प्रभावशाली मंचन करते हुए देश के समसामयिक, राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उत्कृष्ट प्रस्तुति, तार्किक संवाद और प्रभावशाली अभिव्यक्ति के आधार पर पीएमश्री स्वामी आत्मानंद कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, खैरागढ़ की टीम विजेता घोषित की गई। प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में वरिष्ठ पत्रकार अनुराग शांति तुरे, अधिवक्ता राजीव चंद्राकर एवं स्व.विजय लाल चोपड़ा उच्च माध्यमिक विद्यालय अमलीपारा के प्राचार्य सुनील गुनी उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन, विकासखंड शिक्षा अधिकारी खैरागढ़ नीलम राजपूत, छुईखदान बीईओ गिरेंद्र सुधाकर, एबीईओ किशोरी लाल अमेला एवं अमरिका देवांगन सहित व्याख्याता सत्यप्रकाश राठौर, नंद कुमार देवांगन तथा पीटीआई नीलू सिंह की उपस्थिति रही।

प्रतियोगिता की प्रथम प्रस्तुति पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उच्च माध्यमिक विद्यालय, छुईखदान के विद्यार्थियों ने दी। छात्र-छात्राओं ने भारतीय संसद के नाट्य स्वरूप में संसदीय कार्यप्रणाली का सजीव मंचन करते हुए नीट पेपर लीक, महंगाई, इथेनॉल मिश्रित ई-20 पेट्रोल से जुड़ी समस्याओं, अयोध्या राम मंदिर में चंदे के कथित दुरुपयोग तथा अग्निवीर भर्ती से जुड़े विवाद जैसे मुद्दों को सदन में उठाया। विद्यार्थियों ने सवाल-जवाब और संसदीय संवाद के माध्यम से इन विषयों पर अपनी समझ और जागरूकता का परिचय दिया।

द्वितीय प्रस्तुति पीएमश्री स्वामी आत्मानंद कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, खैरागढ़ की छात्राओं ने दी। उन्होंने देश की आर्थिक स्थिति, खाद्य सामग्री की बढ़ती कीमतों, पेट्रोल-डीजल की मूल्य वृद्धि, अग्निवीर भर्ती, महिला सुरक्षा, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति, जेन-जी आंदोलन, डिजिटल शिक्षा और देश की शिक्षा व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों को संसदीय पटल पर रखा। छात्रों की प्रस्तुति की खासियत विद्यार्थियों की हाजिरजवाबी, तथ्यों के साथ तर्कपूर्ण संवाद तथा कविताओं और शेरो-शायरी के माध्यम से मुद्दों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करना रहा। दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी तैयारी और विषयों की समझ से प्रतियोगिता को जीवंत एवं सार्थक बनाया।

प्रतियोगिता के समापन पर निर्णायक मंडल ने प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करते हुए पीएमश्री स्वामी आत्मानंद कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, खैरागढ़ को विजेता घोषित किया। अब विद्यालय के विजयी छात्र-छात्राएं संभाग स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। निर्णायक मंडल की ओर से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुराग शांति तुरे ने कहा कि युवा संसद प्रतियोगिता में जिले के चयनित छात्रों ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया है। उन्होंने संभागीय स्तरीय प्रतियोगिता में सफलता के लिए छात्रों एवं उनके अभिभावक शिक्षकों को बधाई व शुभकामनाएं दी।कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए विद्यालय के प्राचार्य कमलेश्वर सिंह राजपूत ने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, संवैधानिक अधिकार तथा वर्तमान व्यवस्थाओं पर सारगर्भित जानकारी दी। युवा संसद के माध्यम से विद्यार्थियों को संसदीय परंपराओं, लोकतांत्रिक मूल्यों, जनहित के मुद्दों और सदन की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला। साथ ही उनमें तार्किक चिंतन, अभिव्यक्ति कौशल और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण साबित हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page