
48 टीमें लेंगी हिस्सा, विजेता टीम को 35 हजार और उपविजेता को मिलेंगे 18 हजार रुपये
छुईखदान। भारतीय जनता युवा मोर्चा, छुईखदान के तत्वावधान में रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता ‘युवा मोर्चा कप’ का भव्य आयोजन 16 नवंबर से किया जा रहा है। प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र के युवाओं और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इस आयोजन में कुल 48 टीमें हिस्सा लेंगी, जो अपनी खेल प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम करने के लिए मैदान में उतरेंगी। प्रतियोगिता को लेकर आयोजकों द्वारा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से आकर्षक पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। इसके तहत विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में 35 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। वहीं उपविजेता टीम को 18 हजार रुपये, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 7 हजार रुपये तथा चतुर्थ स्थान पर रहने वाली टीम को 4 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना तथा युवाओं में खेल के प्रति रुचि, अनुशासन, आपसी सहयोग और प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करना है। इसके साथ ही युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
48 टीमों की होगी सहभागिता
भारतीय जनता युवा मोर्चा छुईखदान के अध्यक्ष नवीन चंद्राकर ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 48 टीमें अपनी सहभागिता निभाएंगी। आयोजन को सफल बनाने के लिए युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पूरी सक्रियता के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय एवं आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने क्षेत्र के समस्त युवाओं, खेल प्रेमियों एवं नागरिकों से प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। आयोजकों को उम्मीद है कि यह प्रतियोगिता खेल प्रेमियों के लिए रोमांच और उत्साह का विशेष आकर्षण बनेगी।

