KCGछत्तीसगढ़

पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय में अंबेडकर जयंती पर राष्ट्र निर्माण में योगदान को किया याद

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय खैरागढ़ में भारतरत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उनके राष्ट्र निर्माण में अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य अजय कुमार ने की। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. अंबेडकर के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात उपस्थित शिक्षकों ने उनके विचारों और आदर्शों को याद करते हुए उन्हें नमन किया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में अजय कुमार ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने स्वतंत्र भारत के संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और समतामूलक समाज की स्थापना के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनका जीवन समाज के हर वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत है। इस अवसर पर शिक्षक सुदीप आर्य ने बाबा साहेब के संघर्षपूर्ण जीवन पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों को अपनाने की प्रेरणा दी वहीं वरिष्ठ अध्यापक डॉ. योगेंद्र पांडेय ने डॉ. अंबेडकर की जीवनी और उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा करते हुए सस्वर कविता पाठ भी किया। कार्यक्रम का संचालन सौरभ कुमार ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page