
प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारी
युवा संवाद कार्यक्रमों के जरिए संगठन मजबूत करने पर देंगे जोर
खैरागढ़। आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर भाजपा युवा मोर्चा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा के खैरागढ़ आगमन पर पिपरिया स्थित भाजपा कार्यालय में जिला अध्यक्ष आयश सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी और फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान आयोजित बैठक में टिकरिहा ने प्रत्येक वार्ड में 50 नए युवाओं को भाजपा से जोड़ने और युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित करने का लक्ष्य दिया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका चुनाव में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक वार्ड में मजबूत युवा टीम तैयार की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी समर्पित युवा कार्यकर्ताओं को चुनाव लड़ने का अवसर देती है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने युवा मोर्चा को संगठन की रीढ़ बताते हुए कार्यकर्ताओं से सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और आम जनता तक उनके लाभ पहुंचने की निगरानी करने की अपील की। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के वोट चोरी संबंधी आरोपों पर पलटवार करते हुए कांग्रेस पर भी चुनावी गड़बड़ी के आरोप लगाए साथ ही आगामी नगर पालिका चुनाव में भाजपा की जीत का दावा किया।बैठक के बाद राहुल टिकरिहा राजा फतेह सिंह खेल मैदान में आयोजित खैरागढ़ सुपर लीग रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने छुईखदान में युवा मोर्चा कप के फाइनल मुकाबले में भी शिरकत की। दौरे के दौरान भाजयुमो पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
