KCG

स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति का संदेश देंगे 400 स्काउट-गाइड

खैरागढ़। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त समाज का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 30 नवंबर को खैरागढ़ में जिला स्तरीय जागरूकता अभियान आयोजित किया जाएगा। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन में जिले के 43 विद्यालयों के करीब 400 स्काउट-गाइड, स्काउटर एवं गाइडर शामिल होंगे। कार्यक्रम सुबह 9 बजे से प्रारंभ होगा। राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा एवं जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह के मार्गदर्शन तथा जिला आयुक्त एवं जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के तहत विद्यार्थी जागरूकता रैली निकालने के साथ नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सामाजिक संदेश देंगे। सहभागिता सूची के अनुसार आयोजन में 163 स्काउट, 193 गाइड और 44 स्काउटर-गाइडर शामिल होंगे। नुक्कड़ नाटकों में नशामुक्त भारत अभियान, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

जागरूकता रैली दिलीप सिंह मंगल भवन से शुरू होकर इंदिरा कला संगीत विवि, बख्शी मार्ग, गोल बाजार और अस्पताल चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी। इस दौरान पोस्टर और नारों के जरिए नागरिकों को स्वच्छता अपनाने, पर्यावरण बचाने, सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा। भागवत शरण सिंह ने कहा कि स्काउट-गाइड का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व और सेवा भावना विकसित करने के साथ उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ना है। युवाओं की सहभागिता से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page