
बच्चों और युवाओं ने लिया नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प


कलेक्टर ने राजा फतेह सिंह खेल मैदान से हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना
खैरागढ़। फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत ‘संडे ऑन साइकिल’ के 100वें संस्करण के अवसर पर रविवार को खैरागढ़ में उत्साह और उमंग के साथ साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों, युवाओं एवं नगर के नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाते हुए साइकिल चलाकर स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने राजा फतेह सिंह खेल मैदान से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया तथा प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। जिला प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा मेरा युवा भारत के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को साइकिलिंग, नियमित व्यायाम और शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना था। राजा फतेह सिंह खेल मैदान से प्रारंभ हुई साइकिल रैली निर्धारित मार्ग से होते हुए अटल उद्यान पहुंची। यहां प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया। इसके पश्चात बच्चों एवं युवाओं ने ज़ुम्बा सहित विभिन्न फिटनेस गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
नशामुक्त समाज के निर्माण का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जनजागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इस अवसर पर बच्चों और युवाओं ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की सामूहिक शपथ ली। प्रतिभागियों ने ‘नशे से नाता तोड़ो, समाज को नई दिशा दो’ जैसे प्रेरक संदेशों से लिखी तख्तियां लेकर आम नागरिकों से भी नशे की प्रवृत्ति से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती पूजा पींचा, बीएमओ डॉ. बिसेन, सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रिंकेश कश्यप, खेलो इंडिया के फुटबॉल प्रशिक्षक शीतांशु गुप्ता, मेरा युवा भारत के अधिकारी सुब्रजीत डे सहित नगर के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।

