
विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर ली शपथ
बाजार अतरिया। नवीन शासकीय महाविद्यालय बाजार अतरिया में 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. जयति विश्वास के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर संविधान के मूल आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों और सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।कार्यक्रम का शुभारंभ राजनीति विज्ञान के सहायक प्राध्यापक सिद्धार्थ देशमुख ने किया। उन्होंने संविधान सभा के गठन, भारतीय संविधान के निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया तथा संविधान की प्रमुख विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही विद्यार्थियों को संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूलभूत आदर्शों के महत्व से अवगत कराया।इसके पश्चात महाविद्यालय के सभी उपस्थित सदस्यों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर उसके मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने की शपथ ली। कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक डॉ. स्मृति कन्नौजे, डॉ. पूजा पटेल, झामन वर्मा, सागर वर्मा, सुकांत साहू, प्रशासनिक कर्मचारी मनोज सोनी एवं ऋषि यादव सहित महाविद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक रहने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश दिया गया।
