KCG

संभागीय आयुक्त ने जालबांधा व छुईखदान स्वास्थ्य केंद्रों का किया निरीक्षण

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। दुर्ग संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर ने शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जालबांधा एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मरीजों को बेहतर, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जालबांधा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्होंने ओपीडी भर्ती वार्ड, संस्थागत प्रसव तथा प्रयोगशाला सेवाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, सीएमएचओ डॉ. आशीष शर्मा, बीएमओ डॉ. विवेक बिसेन, डॉ. मोहम्मद असलम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संभागीय आयुक्त ने भर्ती मरीजों से चर्चा कर उपचार एवं सुविधाओं की जानकारी ली। प्रयोगशाला में उपलब्ध जांच सुविधाओं की सराहना करते हुए उन्होंने मौसमी बीमारियों की रोकथाम और उपचार के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जालबांधा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) प्रमाणन मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम को बधाई देते हुए कहा कि गुणवत्ता के निर्धारित मानकों को लगातार बनाए रखना आवश्यक है ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलती रहे। इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान का निरीक्षण कर ओपीडी कैजुअल्टी, भर्ती वार्ड और एक्स-रे यूनिट की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने सिजेरियन प्रसव सेवाओं की समीक्षा करते हुए अप्रैल से जून के बीच 40 सफल सिजेरियन ऑपरेशन किए जाने पर चिकित्सकों की सराहना की। साथ ही आपातकालीन एक्स-रे सेवाओं की उपलब्धता की भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान श्री राठौर ने कायाकल्प एवं एनक्यूएएस प्रमाणन की तैयारियां समय पर पूरी करने, वार्डों में बेहतर वेंटिलेशन की व्यवस्था करने, जीवन दीप समिति के माध्यम से गुणवत्ता सुधार संबंधी कार्य कराने, पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान भारत योजना का अधिकतम लाभ दिलाने तथा दवाओं और आवश्यक जांच सुविधाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में व्यापक वृक्षारोपण कराने पर भी जोर दिया। छुईखदान निरीक्षण के दौरान कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, एसपी लक्ष्य शर्मा, एसडीएम अविनाश ठाकुर, सीएमएचओ डॉ.आशीष शर्मा, बीएमओ डॉ.मनीष बघेल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page