KCG

ओडिशा में छाया खैरागढ़ के मनोहर गौशाला का जैविक कृषि मॉडल, किसानों को मिला प्रशिक्षण

खैरागढ़। ओडिशा के कांटाबांजी स्थित सुरभि गौशाला में आयोजित गोपाष्टमी महोत्सव में खैरागढ़ की मनोहर गौशाला का गौ आधारित जैविक कृषि मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। महोत्सव में मनोहर गौशाला के संस्थापक एवं प्रबंध न्यासी डॉ.अखिल जैन (पदम डाकलिया) ने किसानों को प्राकृतिक एवं गौ आधारित खेती की उपयोगी तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इस दौरान उन्होंने फसल अमृत और ऑर्गेनिक गोल्ड तैयार करने की विधि समझाते हुए रासायनिक खाद पर निर्भरता कम करने तथा स्थानीय संसाधनों के माध्यम से टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने की जानकारी दी। डॉ.जैन ने किसानों को बताया कि फसल अमृत गोमूत्र, नीम और सीताफल की पत्तियों जैसे प्राकृतिक घटकों से तैयार किया जाता है। वहीं, ऑर्गेनिक गोल्ड गोबर, गोमूत्र एवं अन्य प्राकृतिक सामग्रियों से निर्मित जैविक खाद है। उन्होंने इन उत्पादों को तैयार करने की प्रक्रिया और खेती में इनके उपयोग की जानकारी देते हुए बताया कि गौ आधारित कृषि पद्धतियां मिट्टी की गुणवत्ता और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में उपयोगी हो सकती हैं।उन्होंने कहा कि खेती में रासायनिक खादों पर निर्भरता कम करने के लिए किसानों को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों का अधिकतम उपयोग करना चाहिए। गौशालाओं की भूमिका केवल गोसेवा तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उन्हें जैविक कृषि, अनुसंधान और किसान प्रशिक्षण के केंद्र के रूप में भी विकसित किया जाना चाहिए। जैन ने बताया कि मनोहर गौशाला का उद्देश्य गौ आधारित जैविक खेती की इन विधियों का निःशुल्क प्रशिक्षण देशभर के किसानों तक पहुंचाना है ताकि किसान कम लागत में स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर प्राकृतिक खेती की ओर आगे बढ़ सकें।

कार्यक्रम में गुरुकुल आश्रम, खरियार रोड के स्वामी वृत्तानंद सरस्वती का पावन सानिध्य रहा। डॉ.अखिल जैन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए जबकि शिक्षाविद् एवं समाजसेवी डॉ.राकेश मिश्रा तथा भारत विकास परिषद के प्रांत अध्यक्ष विनोद अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सुरभि गौशाला के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल (गुड्डू), सचिव अजित जैन और संयोजक अशोक छापड़िया सहित बड़ी संख्या में किसान एवं गौभक्तों ने सहभागिता की। महोत्सव के दौरान विधिवत गौपूजन भी किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page