

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। रायपुर जिले के माना क्षेत्र स्थित ग्राम नकटी में प्रस्तावित विधायक आवास कॉलोनी के लिए गरीब परिवारों के मकान ढहाए जाने के विरोध में कांग्रेस ने शनिवार को नगर में प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने नगर के टैंपो चौक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया गया। इस दौरान पुतला दहन रोकने को लेकर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि नकटी गांव में 85 से अधिक परिवारों के मकान तोड़े गए जिनमें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवास भी शामिल हैं। पार्टी का आरोप है कि प्रभावित परिवारों को पर्याप्त पूर्व सूचना दिए बिना कार्रवाई की गई जिससे बारिश के मौसम में कई लोग बेघर हो गए। कांग्रेस ने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, उचित मुआवजा और न्याय की मांग की है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू ने कहा कि सरकार ने गरीब परिवारों के साथ असंवेदनशील व्यवहार किया है। उन्होंने कहा कि यदि प्रभावित लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज ने कहा कि विकास कार्यों के नाम पर गरीबों के आशियाने उजाड़ना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रभावित परिवारों के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी और उन्हें न्याय दिलाने का प्रयास करेगी। विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने कहा कि नकटी गांव की घटना सरकार की कार्यशैली को दर्शाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब परिवारों के मकानों को बिना पर्याप्त प्रक्रिया अपनाए ध्वस्त किया गया जिसका जवाब जनता लोकतांत्रिक तरीके से देगी। प्रदर्शन में शशिकांत पाण्डेय, संदीप सिरमौर, जितेंद्र सिंह गौर, दीपक देवांगन, शेखर दास, रामकुमार पटेल, रविंद्र सिंह, पुरन सारथी, भिखम सिन्हा, मंशाराम सिमकर, नदीम मेमन, सरजू वर्मा, अनुराग तुरे, मनोहर सेन, कन्हैया रजक, विनोद सिन्हा, हरिदर्शन ढीमर, कोमल वर्मा, महेश यादव, अरशद हुसैन, अल्ताफ अली, यतेंद्रजीत सिंह, सूरज महिलकर व संजू सिंह चंदेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
