KCG

आधार अपडेट के नाम पर ग्रामीणों से रुपए वसूली का आरोप

खैरागढ़। ग्राम पंचायत पेंड्रीकला में आधार अपडेट के नाम पर ग्रामीणों से कथित रूप से अवैध वसूली का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार 17 नवंबर को पंचायत भवन में ललित शर्मा नामक व्यक्ति ने आधार अपडेट शिविर लगाया और नाम, जिला सहित अन्य जानकारियों में संशोधन के नाम पर प्रति व्यक्ति करीब 180 रुपए वसूले। शिकायतकर्ता ने शिविर संचालन की अनुमति और संबंधित ऑपरेटर की वैधता पर सवाल उठाते हुए कलेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग की है।आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने स्वयं को कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) संचालक बताते हुए अधिकारियों से अनुमति मिलने की बात कही थी लेकिन शिविर के लिए कोई लिखित आदेश सामने नहीं आया। ग्रामीणों को आधार अपडेट नहीं कराने पर शासकीय योजनाओं का लाभ प्रभावित होने की बात कहकर दबाव बनाने का आरोप भी लगाया गया है।

जिला ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर मिथलेश ठाकुर ने बताया कि सीएचआईपीएस (CHiPS) के माध्यम से जारी आधार आईडी ही मान्य है। वीएलई को अपने निर्धारित स्थान पर ही नियमानुसार कार्य करना होता है। बिना पूर्व अनुमति पंचायत भवन में शिविर लगाकर आधार संबंधी कार्य करना नियम विरुद्ध है। उन्होंने बताया कि शिकायत उच्च अधिकारियों को भेजकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।शिकायतकर्ता ने संबंधित ऑपरेटर की आईडी, शिविर की अनुमति और ग्रामीणों से ली गई राशि की जांच कर अतिरिक्त वसूली प्रमाणित होने पर रकम वापस कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। अब प्रशासनिक जांच से ही स्पष्ट होगा कि आधार सेवा के नाम पर हुई कथित वसूली और अनधिकृत शिविर संचालन के आरोपों में कितनी सच्चाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page