
पहले से बागवानी कर रहे किसानों को भी आदान सहायता देने की मांग पर नायक ने शासन से चर्चा का आश्वासन
खैरागढ़। छत्तीसगढ़ राज्य शाकम्भरी बोर्ड के अध्यक्ष राजेन्द्र नायक ने गुरुवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में उद्यानिकी विभाग की योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान किसानों ने उद्यानिकी फसलों का बीमा लाभ नहीं मिलने और पहले से बागवानी कर रहे किसानों को कृषक उन्नति योजना के तहत आदान सहायता नहीं मिलने की समस्या उठाई। अध्यक्ष ने बीमा संबंधी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई तथा आदान सहायता की मांग शासन के समक्ष रखने का आश्वासन दिया।बैठक में सहायक संचालक उद्यान स्नेहलता सिन्हा ने विभागीय योजनाओं की प्रगति बताते हुए मैदानी अमले की कमी से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी के 11 स्वीकृत पदों में से केवल चार भरे हैं, जबकि सात रिक्त हैं। वहीं जिले की दोनों शासकीय नर्सरियों में माली पदस्थ नहीं होने से पौध उत्पादन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने रिक्त पदों पर भर्ती और नर्सरियों में माली की पदस्थापना की मांग की। समीक्षा के दौरान नायक ने किसानों से चर्चा कर योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया। बीमा संबंधी शिकायतों पर उन्होंने बीमा कंपनी के प्रतिनिधि को आवश्यक कार्रवाई करने तथा फसल क्षति की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को बीमा प्रक्रिया की सही जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। किसानों ने मांग की कि खरीफ में पहले से उद्यानिकी फसलें लेने वाले किसानों को भी कृषक उन्नति योजना के तहत 10 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता दी जाए। इस पर अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि वर्तमान प्रावधानों के तहत धान के बदले उद्यानिकी फसल लेने वाले किसानों को ही योजना का लाभ मिलता है। किसानों ने बागवानी में अधिक लागत और प्राकृतिक आपदा से होने वाले नुकसान का हवाला देते हुए सभी उद्यानिकी किसानों को सहायता देने की मांग की। नायक ने इस विषय पर शासन स्तर पर चर्चा कर समाधान का प्रयास करने का भरोसा दिलाया।