KCG

वीर जवानों के नाम महिला एवं बाल विकास विभाग का रक्षासूत्र, सम्मान के साथ जताई कृतज्ञता

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग खैरागढ़-छुईखदान-गंडई ने अनूठी पहल की है। विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने अपने हाथों से रक्षासूत्र तैयार कर वीर जवानों को भेंट किए। विभाग प्रमुख प्रीतराम खुटेल के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल का उद्देश्य रक्षासूत्र के माध्यम से जवानों के प्रति आत्मीयता और सम्मान का संदेश देना रहा है। विभाग की महिलाओं ने रक्षासूत्र तैयार करते हुए कहा कि देश की रक्षा में दिन-रात डटे जवानों का त्याग और समर्पण प्रत्येक नागरिक के लिए गौरव का विषय है। इस अवसर पर विभाग की ओर से कहा गया कि रक्षासूत्र केवल भाई-बहन के स्नेह का प्रतीक नहीं बल्कि देश की सुरक्षा में जुटे जवानों के प्रति भरोसे सम्मान और कृतज्ञता की भावना का भी प्रतीक है। जवान अपने परिवार से दूर रहकर कठिन परिस्थितियों में देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं जिससे देशवासी सुरक्षित वातावरण में अपना जीवन व्यतीत कर पाते हैं। विभाग के अधिकारी कर्मचारियों ने जवानों के साहस शौर्य और राष्ट्रसेवा को नमन करते हुए कहा कि उनके समर्पण से युवा पीढ़ी को देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा मिलती है। इस दौरान वीर जवानों के स्वस्थ, सुरक्षित और सुखद जीवन की कामना भी की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग की इस पहल ने रक्षासूत्र के माध्यम से सैनिकों के प्रति सम्मान और अपनत्व की भावना को सामने रखा। विभाग ने संदेश दिया कि सीमा पर तैनात जवान भले ही अपने परिवार से दूर हों लेकिन पूरा देश उनके साथ खड़ा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page