अपराधछत्तीसगढ़

फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाकर धोखाधड़ी करने वाला आरोपी यूपी से गिरफ्तार

सत्यमेव न्यूज गंडई। कूटरचित दस्तावेज तैयार कर ऑनलाइन जन्म प्रमाण पत्र बनाने वाले फरार आरोपी को गंडई पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार बीते दिनों अंकल्हु राम जंघेल निवासी ग्राम उदान की रिपोर्ट पर थाना गंडई में धोखाधड़ी, जालसाजी और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान सामने आया कि थाना गंडई के एक सड़क दुर्घटना संबंधी प्रकरण में आरोपी लक्ष्मीनाथ जंघेल ने अपने पुत्र प्रमोद जंघेल को नाबालिग साबित करने के उद्देश्य से ऑनलाइन जन्म प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया था। दस्तावेज में जन्मतिथि 27 दिसंबर 2005 अंकित थी। जांच में यह जन्म प्रमाण पत्र फर्जी पाया गया। मामले की जांच के दौरान लक्ष्मीनाथ जंघेल से पूछताछ और उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले व्यक्ति की तलाश शुरू की गई। साइबर तकनीकी सहायता से मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। जांच में उसका पता उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश पहुंचकर 29 मई 2026 को रवि निषाद (36 वर्ष) निवासी वल्लीपुर, थाना कोतवाली नगर, जिला सुल्तानपुर (उ.प्र.) को गिरफ्तार किया। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर गंडई लाया गया तथा सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी द्वारा ऑनलाइन माध्यम से कूटरचित जन्म प्रमाण पत्र तैयार किए जाने की जांच की जा रही है तथा मामले में अन्य पहलुओं की भी पड़ताल जारी है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page