
कांग्रेसियों ने जोरदार प्रदर्शन कर विद्युत कार्यालय का किया घेराव
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में की गई बिजली दरों में वृद्धि के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को खैरागढ़ में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में पिपरिया स्थित विद्युत विभाग कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने बढ़ी हुई बिजली दरों को तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी रैली के रूप में विद्युत विभाग कार्यालय पहुंचे और कार्यालय का घेराव करने का प्रयास किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस बल ने उन्हें मुख्य द्वार पर ही रोक दिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए और बिजली दर वृद्धि के विरोध में अपना आक्रोश व्यक्त किया। पुतला दहन के दौरान कुछ समय के लिए पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झूमाझटकी की स्थिति भी बनी जिससे माहौल गरमा गया। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए खैरागढ़ विधायक श्रीमती यशोदा नीलांबर वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा रही है। महंगाई की मार झेल रही जनता को राहत देने के बजाय बिजली दरों में वृद्धि कर सरकार ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करती रही है और आगे भी जनता की आवाज बुलंद करती रहेगी। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कोमल साहू ने कहा कि बिजली दरों में बढ़ोतरी का सीधा असर किसानों, घरेलू उपभोक्ताओं और सिंचाई व्यवस्था पर पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने अपना निर्णय वापस नहीं लिया तो कांग्रेस आंदोलन को और व्यापक रूप देगी। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार जनता से जुड़े बुनियादी मुद्दों के प्रति संवेदनशील नहीं है और लगातार जनविरोधी निर्णय लिए जा रहे हैं। प्रदर्शन में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, किसान कांग्रेस सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक गिरवर जंघेल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष संदीप सिरमौर, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण भारद्वाज, छुईखदान कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामकुमार पटेल, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष उत्तम सिंह ठाकुर, छुईखदान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं कांग्रेस नेता गिरिराज किशोर दास वैष्णव, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष आरती महोबिया, वरिष्ठ कांग्रेस नेता भीखमचंद छाजेड़, आकाशदीप सिंह, रज्जाक खान, जितेंद्र सिंह गौर, सज्जाक खान, सुरजीत सिंह, संजू चंदेल, रोहित पुलस्त्य, रिंकू गुप्ता, हरेश वर्मा, अशोक साहू, उत्तम जंघेल, रिंकू महोबिया, यतेंद्रजीत सिंह, दीनदयाल तोड़े, चंद्रेश यदु, चंद्रेश वर्मा, रामावतार वर्मा, दिलीप गुप्ता, चुनेश्वर वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
