

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। इसी कड़ी में छुईखदान थाना क्षेत्र के ग्राम पुरेना में पुलिस ने जुआ खेल रहे लोगों पर दो अलग अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को 24 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पुरेना के स्कूल मैदान के पास कुछ लोग ताश के पत्तों से दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन आरोपियों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों में जीतलाल जंघेल (28), लेखराम घुरवे (36) और सूर्यकांत चंदेल (42) शामिल हैं। इनके पास से 52 पत्ती ताश जुआ फड़ और 2,150 रुपये नकद जब्त किए गए। इसी दौरान ग्राम पुरेना के ही एक अन्य स्थान पर पुलिस ने दूसरी कार्रवाई करते हुए चार और लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा। इनमें खेमलाल जंघेल (28), अजय कुमार घुरवे (19), आजाय जांगड़ (45) और मनोहर वर्मा (37) शामिल हैं। इनके कब्जे से 52 पत्ती ताश और 2,500 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।