KCG

विश्व शांति के संकल्प के साथ श्रद्धा और आस्था से खैरागढ़ में मनाई गई भगवान परशुराम जयंती

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नगर के श्री गोपीनाथ मंदिर स्थित विप्र भवन में भगवान परशुराम जयंती श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विश्व शांति एवं समस्त प्राणियों के कल्याण की कामना से विशेष शांति पाठ का आयोजन किया गया जो कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। प्रातःकाल से ही विप्र समाज के लोग पूजा-अर्चना की सामग्री लेकर विप्र भवन पहुंचने लगे। मातृ शक्तियों की भी उल्लेखनीय सहभागिता रही जिन्होंने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भगवान परशुराम के पूजन में भाग लिया। विद्वान पंडितों के सान्निध्य में विधि-विधानपूर्वक पूजा, सामूहिक मंत्रोच्चार और वेदपाठ संपन्न हुआ जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो उठा। सनातन संस्कृति के मूल मंत्र ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः’ के भाव को आत्मसात करते हुए विश्व शांति, सद्भावना और मंगलकामना के लिए विशेष प्रार्थनाएं की गईं। इसके पश्चात भगवान परशुराम की महाआरती हुई जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर सहभागिता निभाई।
मंगल आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम के समापन पर ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष पंडित मिहिर झा ने सभी उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में एकता, सांस्कृतिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में विप्र समाज के सदस्यों एवं मातृ शक्तियों की सक्रिय उपस्थिति ने आयोजन को गरिमामय और सफल बनाया।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page