
खैरागढ़ पुलिस ने सुलझाया चोरी का मामला
25 हजार रुपए का सामान किया बरामद
खैरागढ़। अमलीडीह के ढोलीखार स्थित फार्म हाउस के स्टोर रूम से सीसीटीवी सिस्टम चोरी करने के मामले में खैरागढ़ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया डीवीआर, बॉक्स, राउटर, हार्ड डिस्क सहित पूरा सीसीटीवी सिस्टम बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 25 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार अमलीडीह निवासी शाहरुख खान (25) ने 20 अगस्त 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने ढोलीखार में बड़े पुल के पास अपने फार्म हाउस में स्टोर रूम बनाया है। 19 अगस्त की शाम ताला लगाकर घर लौटने के बाद अगले दिन जब वह फार्म हाउस पहुंचा तो स्टोर रूम का ताला टूटा मिला। अंदर लगा सीसीटीवी कैमरे का पूरा सिस्टम गायब था। शिकायत मिलते ही खैरागढ़ थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम खैरबना निवासी तारण साहू (24) को पूछताछ के लिए बुलाया। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से चोरी गया पूरा सीसीटीवी सिस्टम बरामद कर जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से जेल वारंट जारी होने पर उसे जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में खैरागढ़ पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।