KCG

गंडई में बकाया वसूली को लेकर नगर पंचायत की सख्ती, छह दुकानों पर जड़ा ताला

गंडई-पंडरिया। बकाया किराया और राजस्व की वसूली को लेकर नगर पंचायत प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बार-बार नोटिस और चेतावनी के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नगर पंचायत की टीम ने छह दुकानों को सीलबंद कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अन्य बकायादारों में हड़कंप मच गया है। नगर पंचायत अधिकारियों के अनुसार संबंधित दुकानदारों पर लंबे समय से दुकान किराया सहित अन्य बकाया राशि लंबित थी। राजस्व वसूली के लिए पूर्व में कई बार मौखिक चेतावनी देने के साथ लिखित नोटिस भी जारी किए गए थे। इसके बावजूद भुगतान नहीं किए जाने पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी के निर्देश पर कार्रवाई की गई। नगर पंचायत की टीम ने अहिल्या बाई साहू की बी मार्केट स्थित दुकान, ममता गोसाई, हेमबाई, सुदीक्षा अग्रवाल और भीखम सिंह राजपूत की नगर पंचायत कार्यालय के बाजू स्थित प्रथम तल की दुकानों तथा रमेश साहू की वार्ड क्रमांक 14 स्थित पूर्व शराब भट्टी परिसर की दुकान को सीलबंद कर दिया।कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण प्रभारी शत्रुघ्न दास मार्कण्डेय, राजस्व प्रभारी कमल किशोर नेताम, सहायक राजस्व निरीक्षक राजमणि शर्मा सहित शिव सिंह ठाकुर, युगल किशोर ताम्रकार, नवीन नामदेव, इमरान खान, राजा पटौदी और जितेंद्र बंजारे मौजूद रहे। अतिक्रमण प्रभारी शत्रुघ्न दास मार्कण्डेय ने बताया कि सीएमओ के आदेश पर लंबे समय से बकाया राशि जमा नहीं करने वाले छह दुकानदारों के खिलाफ सीलबंदी की कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व वसूली में लापरवाही बरतने वाले बकायादारों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page