छत्तीसगढ़

महंगी सब्जियों ने रसोई का बजट बिगाड़ा, खरीदारों ने घटाई खरीददारी

सत्यमेव न्यूज गंडई-पंडरिया। नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में सब्जियों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। बढ़ते दामों का असर सीधे रसोई के बजट पर पड़ रहा है। स्थिति यह है कि जहां पहले लोग एक-दो किलो सब्जियां खरीदते थे वहीं अब कई परिवार सीमित मात्रा में खरीदारी कर खर्च नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि सब्जियों के दाम बढ़ने से उपभोक्ताओं की खरीद क्षमता प्रभावित हुई है। किराना व्यवसायी संतोष सिंह ठाकुर के अनुसार परिवहन लागत में वृद्धि और बाजार में आवक कम होने के कारण सब्जियों के भाव लगातार बढ़ रहे हैं। इसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। विधायक प्रवक्ता अमित टंडन ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने लोगों के घरेलू बजट को प्रभावित किया है। खाद्य सामग्री के साथ-साथ कृषि और बागवानी से जुड़े कार्यों की लागत भी बढ़ी है जिससे आम नागरिकों को आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है। नगर के बाजार में इन दिनों अधिकांश सब्जियों के दाम ऊंचे बने हुए हैं। टमाटर 50 से 60 रुपये फूलगोभी 40 रुपये करेला 60 से 80 रुपये परवल 40 रुपये खीरा 40 रुपये भिंडी 60 रुपये भुट्टा 40 रुपये कद्दू और लौकी 20-20 रुपये किलो बिक रहे हैं। इसके अलावा कोचई बरबट्टी शिमला मिर्च 40 रुपये ग्वारफली 60 रुपये कटहल 40 रुपये आलू और प्याज 20-20 रुपये लहसुन 120 रुपये तथा हरी मिर्च 80 रुपये किलो तक पहुंच गई है। वहीं खट्टा भाजी पालक गोल भाजी और चौलाई 40-40 रुपये किलो के भाव पर उपलब्ध हैं। पत्तागोभी 30 से 40 रुपये तथा मुनगा 100 रुपये किलो तक बिक रहा है। सब्जियों की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण आम उपभोक्ताओं की थाली से कई हरी सब्जियां दूर होती नजर आ रही हैं। लोगों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में आवक बढ़ने के साथ कीमतों में कुछ राहत मिल सकेगी।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page