खैरागढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं की एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल, कलेक्टर कार्यालय में सौंपा ज्ञापन

खैरागढ़। नियमितीकरण, मानदेय में वृद्धि और सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संयुक्त मंच ने एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल की। हड़ताल के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और सहायिकाएं इतवारी बाजार स्थित रावण भांठा में एकत्रित हुईं। वहां से उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में रैली निकाली और कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और विभागीय सचिव के नाम डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘हमारी मांगें पूरी करो’ और ‘वादाखिलाफी नहीं चलेगी’ जैसे नारे लगाए।
जानिये क्या हैं आंगनबाड़ी संघ की प्रमुख मांगें –
संयुक्त मंच ने मांग की है कि कार्यकर्ताओं के लिए 30 हजार रुपये और सहायिकाओं के लिए 25 हजार रुपये मासिक वेतन निर्धारित किया जाए। इसके साथ ही नियमितीकरण, सरल पदोन्नति प्रक्रिया, पेंशन, ग्रेच्युटी, भविष्य निधि (पीएफ) और समूह बीमा की सुविधा दी जाए। ज्ञापन में आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में अनुकंपा नियुक्ति और आर्थिक सहायता देने, सेवानिवृत्ति पर कार्यकर्ताओं को 5 लाख रुपये तथा सहायिकाओं को 3 लाख रुपये प्रदान करने की मांग भी शामिल है। इसके अलावा मध्यप्रदेश की तर्ज पर मानदेय में प्रतिवर्ष एक हजार रुपये की वृद्धि करने की मांग उठाई गई है। मंच का कहना है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं लंबे समय से विभागीय जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही हैं, लेकिन कम मानदेय और सामाजिक सुरक्षा के अभाव में उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने राज्य सरकार से मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।



