
पुलिस ने तत्परता से मुक्त कराए तीन बैल
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले की गातापार पुलिस ने पशु तस्करी और पशुओं के प्रति क्रूरता के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन बैल बरामद किए हैं। आरोपी मवेशियों को महाराष्ट्र की ओर ले जा रहा था। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार 18 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति तीन बैलों को बिना चारा-पानी के तथा मारपीट करते हुए महाराष्ट्र की दिशा में ले जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में नाकेबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रमेश कुमार गोयल (52 वर्ष), निवासी ग्राम ईटार थाना गातापार बताया। पुलिस द्वारा मवेशियों के परिवहन और स्वामित्व संबंधी दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका है। जांच के दौरान पाया गया कि बैलों के गले और पैरों में रस्सियां बांधी गई थीं तथा उन्हें कील लगे डंडे से हांकते हुए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन बैल तीन रस्सियां एक कील लगा डंडा और एक मोबाइल फोन जब्त किया। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 35 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में पशु तस्करी और पशुओं के साथ क्रूरता करने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।