
तबला त्रयी और शास्त्रीय गायन की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, पद्मभूषण पं. राजन मिश्र को दी गई श्रद्धांजलि

खैरागढ़। राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय में शुक्रवार 30 अक्टूबर को श्रुति मंडल समिति के तत्वावधान में पाक्षिक सांगीतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। परिसर क्रमांक-2 स्थित डॉ. नरेंद्र देव वर्मा प्रेक्षागृह में आयोजित यह कार्यक्रम पद्मभूषण पं. राजन मिश्र को श्रद्धांजलि स्वरूप समर्पित रहा। कार्यक्रम में कलाकारों ने तबला वादन और शास्त्रीय गायन की मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत तबला त्रयी की प्रस्तुति से हुई। इसमें गौरव पटेल, मयूर विश्वकर्मा एवं विवेक यादव ने तीनताल में पेशकार, कायदा, रेला और विभिन्न टुकड़ों की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। लहरा पर प्रांजल रावत ने संगत की। तीनों कलाकारों की लयकारी और तालबद्ध प्रस्तुति ने श्रोताओं की खूब सराहना बटोरी। कार्यक्रम की अंतिम सांगीतिक प्रस्तुति में गायन विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. लिकेश्वर वर्मा ने राग भीमपलासी में विलंबित एकताल तथा राग छाया नट में द्रुत ख्याल तीनताल प्रस्तुत कर शास्त्रीय संगीत की सुरमयी छटा बिखेरी। हारमोनियम पर सहायक प्राध्यापक जगदेव नेताम, तबले पर डॉ. शिवनारायण मौरे तथा तानपुरा पर नेल्सन डैमारी एवं न्यूजम नर्जरी ने संगत की। इस अवसर पर पद्मभूषण पं. राजन मिश्र को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भारतीय शास्त्रीय संगीत में उनके अतुलनीय योगदान का स्मरण किया गया वहीं फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का संचालन सुश्री झरना सिन्हा एवं सुश्री कुमकुम मिश्रा ने किया। श्रुति मंडल समिति के इस आयोजन में शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुतियों के साथ संगीत साधना, खेल प्रतिभाओं के सम्मान और महान कलाकार को श्रद्धांजलि का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
