KCG

बकाया बिजली बिल पर नगर पालिका की बिजली गुल, टॉर्च की रोशनी में हुआ कामकाज

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। सरकारी विभागों पर लंबे समय से चले आ रहे बिजली बिल के बकाये को लेकर अब कार्रवाई शुरू हो गई है। मंगलवार को खैरागढ़ नगर पालिका कार्यालय का बिजली कनेक्शन बकाया बिल का भुगतान नहीं होने पर काट दिया गया। बिजली आपूर्ति बंद होते ही कार्यालय में अंधेरा छा गया और कर्मचारियों को जरूरी काम मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में करना पड़ा। नगर पालिका में विभिन्न कार्यों से पहुंचे लोगों को भी बिजली बंद होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार नगर पालिका कार्यालय का करीब 8 लाख 25 हजार रुपये का बिजली बिल लंबे समय से बकाया था। भुगतान नहीं होने पर विद्युत विभाग ने कार्यालय का कनेक्शन काटने की कार्रवाई की। हालांकि नगर पालिका से जुड़े सभी विद्युत कनेक्शनों को मिलाकर बकाये की राशि कहीं अधिक है। स्ट्रीट लाइट नगर पालिका भवन सहित अन्य कनेक्शनों का बकाया जोड़ने पर यह राशि 3 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। ऐसे में कार्यालय का कनेक्शन जिस बकाये के चलते काटा गया है वह नगर पालिका के कुल बिजली बकाये का केवल एक हिस्सा है।

जिले में सरकारी विभागों और नगरीय निकायों के बड़े बिजली बिल बकाये का मुद्दा लंबे समय से सामने आता रहा है। अब खैरागढ़ नगर पालिका कार्यालय का कनेक्शन काटे जाने को बिजली विभाग की ओर से इस दिशा में पहली बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। दरअसल प्रदेश में 1 अगस्त से ब्लॉक स्तर और उससे ऊपर के सरकारी कार्यालयों में प्रीपेड बिजली व्यवस्था लागू की गई है। इसके बाद सरकारी कार्यालयों और विभागों से बकाया बिजली बिल की वसूली को लेकर विद्युत कंपनी ने कार्रवाई तेज कर दी है। विभाग के अनुसार कनेक्शन काटने की प्रक्रिया ऑनलाइन और ऑटोमेटिक सिस्टम के माध्यम से की जा रही है। इसी प्रक्रिया के तहत नगर पालिका कार्यालय का कनेक्शन भी काटा गया है।

नगर पालिका से जुड़े स्ट्रीट लाइट और नल कनेक्शनों को फिलहाल इस कार्रवाई से अलग रखा गया है। इन सेवाओं का सीधा संबंध आम लोगों की दैनिक जरूरतों से होने के कारण विद्युत आपूर्ति जारी रखी गई है। विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता आलोक दुबे के मुताबिक नगर पालिका कार्यालय का बकाया भुगतान होने के बाद ही बिजली कनेक्शन बहाल किया जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में अन्य बड़े बकायादार सरकारी विभागों के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है।

फिलहाल नगर पालिका कार्यालय में बिजली आपूर्ति बंद है और कर्मचारियों को सीमित संसाधनों के बीच काम करना पड़ रहा है। वहीं नगर पालिका से जुड़े अन्य विद्युत कनेक्शनों पर करोड़ों रुपये का बकाया सामने आने के बाद अब विभाग की आगामी कार्रवाई पर नजर रहेगी। नगर पालिका कार्यालय का कनेक्शन कटना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि बिजली विभाग अब सरकारी संस्थानों के पुराने बकाये की वसूली को लेकर सख्त रुख अपना रहा है। ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि अन्य बड़े बकायादार सरकारी कार्यालयों पर कब कार्रवाई होती है और नगर पालिका बकाया राशि का भुगतान कर बिजली आपूर्ति कब बहाल कराती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page