
कम मात्रा में धान बेचने पर भी पात्र किसानों को मिलेगी पूरी आदान सहायता
कृषक उन्नति योजना का प्रचार-प्रसार करने के दिए निर्देश
खैरागढ़। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने खैरागढ़ विकासखंड के ग्राम टोलागांव स्थित धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र प्रभारी को किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, छायादार बैठने की व्यवस्था तथा धान की तौल और परिवहन के लिए पर्याप्त जगह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कृषक उन्नति योजना के प्रावधानों की जानकारी किसानों तक पहुंचाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसानों को बताया जाए कि प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी पात्र किसानों को उनके सत्यापित पात्र रकबे के आधार पर 13,839 रुपये प्रति एकड़ की पूरी आदान सहायता मिलेगी।निरीक्षण के दौरान उन्होंने टोकन और तौल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए किसानों को निर्धारित तिथि और समय की जानकारी पहले से देने के निर्देश दिए ताकि उन्हें केंद्र में अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। उन्होंने धान की तौल से पहले नमी की जांच अनिवार्य रूप से करने तथा 17 प्रतिशत से अधिक नमी वाला धान नहीं खरीदने को कहा साथ ही तौल उपकरणों की नियमित जांच और पर्याप्त बारदाने की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने खरीदी और धान उठाव का दैनिक विवरण उसी दिन रजिस्टर में दर्ज करने को कहा ताकि केंद्र में भंडारित धान का सही मिलान हो सके। उन्होंने बारिश से धान को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त तिरपाल की व्यवस्था करने तथा भंडारण स्थल पर पानी की निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
