KCG

स्व-सहायता समूहों की ऋण सीमा बढ़ाएं, व्यक्तिगत उद्यम ऋण के प्रकरणों में लाएं तेजी

खैरागढ़। स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से जिला पंचायत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के सभाकक्ष में जिला स्तरीय बैंकर्स प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने बैंक शाखा प्रबंधकों को स्व-सहायता समूहों की ऋण राशि बढ़ाने तथा व्यक्तिगत उद्यम ऋण की स्वीकृति एवं वितरण प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। कार्यशाला में श्री पटेल ने बैंक शाखा प्रबंधकों, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं मैदानी कैडर सदस्यों को संबोधित करते हुए विकसित भारत के निर्माण में बैंकों और उनकी योजनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्व-सहायता समूहों के बैंक खाते खोलने, ऋण आवेदनों का समयबद्ध निराकरण करने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया।

कार्यशाला में राष्ट्रीय ग्रामीण विकास संस्थान, हैदराबाद के नेशनल रिसोर्स पर्सन एवं मास्टर ट्रेनर कोटागिरी श्रीनिवासराव ने बैंकिंग प्रक्रियाओं और ऋण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्व-सहायता समूहों द्वारा समय पर ऋण चुकाने से बैंक और समूह दोनों को लाभ होता है। उन्होंने बैंक अधिकारियों से समूहों की ऋण सीमा बढ़ाने के साथ ही सदस्यों को स्वयं का व्यवसाय एवं उद्यम शुरू करने के लिए व्यक्तिगत ऋण उपलब्ध कराने की दिशा में सक्रियता से कार्य करने की अपील की। प्रशिक्षण के दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत समूह ऋण के लिए निर्धारित बैंक लोन प्रोडक्ट कोड, भारतीय रिजर्व बैंक के नवीन दिशा-निर्देशों तथा व्यक्तिगत उद्यम ऋण के लिए नए ऑनलाइन आवेदन फॉर्म की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के राज्य कार्यालय, नवा रायपुर-अटल नगर से अशोक कुमार भी कार्यशाला में उपस्थित रहे।

कार्यशाला के समापन अवसर पर श्री श्रीनिवासराव ने बैंक शाखा प्रबंधकों से समूह ऋण एवं व्यक्तिगत उद्यम ऋण के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने तथा ऋण प्रकरणों की स्वीकृति और राशि वितरण में तेजी लाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंक शाखा प्रबंधकों एवं कैडर सदस्यों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यशाला में जिले के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला एवं विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक, क्षेत्रीय समन्वयक, वित्तीय साक्षरता सामुदायिक संसाधन व्यक्ति तथा बैंक मित्र उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page