
कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने का आह्वान, सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की अपील
खैरागढ़। जिला भाजपा कार्यालय में भाजपा ओबीसी मोर्चा की परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, ओबीसी समाज की भागीदारी बढ़ाने तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने पर चर्चा की गई। साथ ही आगामी विधानसभा एवं नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय होने का आह्वान किया गया। बैठक के मुख्य वक्ता दुर्ग संभाग भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रभारी राजेन्द्र जायसवाल ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने आगामी समय में खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का विधायक बनाने के लक्ष्य के साथ अभी से तैयारी करने की अपील की। उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हित में लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। 21 क्विंटल धान नहीं बेच पाने वाले किसानों को भी अंतर की राशि देने की घोषणा बड़ी राहत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। दुर्ग संभाग भाजपा सहप्रभारी तुलसी साहू ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों का उल्लेख करते हुए आगामी खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। भाजपा ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष राजकुमार जंघेल ने स्वागत भाषण देते हुए बैठक के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक समन्वय बढ़ाने और ओबीसी समाज के बीच सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के लिए मोर्चा लगातार कार्य कर रहा है। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष ओबीसी मोर्चा निर्मला यादव, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, पूर्व विधायक कोमल जंघेल, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि खम्हन ताम्रकार एवं मनोहर साहू सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी और ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में संगठनात्मक एकजुटता बढ़ाने, सामाजिक सहभागिता सुनिश्चित करने और आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।
