KCG

जनजातीय गौरव दिवस पर खैरागढ़ में जिला स्तरीय समारोह, जनजातीय नायकों के शौर्य और बलिदान को किया नमन

खैरागढ़। जनजातीय गौरव सप्ताह के समापन अवसर पर खैरागढ़ के स्व. लाल दिलीप सिंह स्मृति मंगल भवन में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय नायकों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के छायाचित्रों पर माल्यार्पण कर उनके शौर्य, संघर्ष और बलिदान को नमन किया गया। इस अवसर पर जनजातीय समाज के प्रमुखों को सम्मानित करने के साथ जनजातीय नर्तक दलों एवं छात्रावासी छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मुख्य अतिथि विक्रांत सिंह ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा और छत्तीसगढ़ के वीर जनजातीय नायकों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। वनांचल के बच्चों को बेहतर शिक्षा और प्रत्येक परिवार को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में पीएम जनमन योजना, तेंदूपत्ता संग्राहकों के पारिश्रमिक में वृद्धि, देवगुड़ियों के निर्माण तथा दूरस्थ गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने जिले में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की स्वीकृति की अपेक्षा भी जताई। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय हिरदे गोंड़ के पौत्र संतोष नेताम को भी सम्मानित किया गया।नगर पालिका परिषद खैरागढ़ की अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर ने कहा कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाती है। जल, जंगल, जमीन, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए उनके संघर्ष से नई पीढ़ी को परिचित कराना आवश्यक है।कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत जिले की दूरस्थ बैगा बस्तियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विभिन्न विभाग समन्वय से कार्य कर रहे हैं। पात्र परिवारों को आवास, पेयजल, बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और आजीविका से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल ने बताया कि जिन गांवों में पहले आंगनबाड़ी केंद्र नहीं थे वहां नए केंद्र शुरू किए गए हैं। दूरस्थ क्षेत्रों में बहुउद्देशीय केंद्र स्थापित करने के साथ बच्चों की शिक्षा के लिए छात्रावास बनाए जा रहे हैं वहीं दो मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से ग्रामीणों को गांव में ही स्वास्थ्य जांच और दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

कार्यक्रम स्थल पर जनजातीय नायकों के जीवन एवं संघर्ष पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें पारंपरिक आभूषण, वेशभूषा और कृषि उपकरणों का प्रदर्शन किया गया। विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर पीएम जनमन सहित शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी नागरिकों को दी। जनजातीय नर्तक दलों और छात्रावासी बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में लोक संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम के अंत में आदिम जाति विकास विभाग के सहायक आयुक्त स्वर्णिम शुक्ला ने अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक कोमल जंघेल, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष लखन साहू, जिला पंचायत सदस्य ललित चोपड़ा, शैलेन्द्र त्रिपाठी, शैलेन्द्र मिश्रा, खम्मन ताम्रकार, घम्मन साहू, विकेश गुप्ता, भुनेश्वरी देवांगन, नंद चंद्राकर, बैगा विकास प्रकोष्ठ के अध्यक्ष जीवन मेरावी, सुमित टांडिया, पुष्पा सिंदुर, पन्ना मंडावी, जीवन मरकाम, संतराम छेदेया, रामजी सिरदार, बहादुर सिंह खुसरो सहित जनजातीय समाज के प्रमुख एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page