KCG

जालबांधा में खाद्य विभाग की दूसरी कार्रवाई, किराना दुकानों से लिए नमूने

सत्यमेव न्यूज जालबांधा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जालबांधा क्षेत्र में एक बार फिर कार्रवाई की। कलेक्टर इन्द्रजीत चंद्रवाल के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी आशीष शर्मा एवं अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे के मार्गदर्शन में विभागीय टीम ने विभिन्न किराना दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए वहीं अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कराया गया। निरीक्षण के दौरान मेसर्स वर्मा किराना से नमकीन गुलाब जामुन (खजानी) और अरहर दाल के तीन विधिक नमूने संकलित किए गए। इन नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। इसी क्रम में कृष्णा मोमोस सेंटर का निरीक्षण किया गया। यहां से चायनीज पकौड़ा और तीखी लाल चटनी के दो सर्विलांस नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान मोमोस और आलू फिंगर चिप्स अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे पाए गए जिन्हें टीम ने मौके पर ही नष्ट कराया। संचालक को खाद्य पंजीयन कराने के साथ खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। विभागीय टीम ने मेसर्स लक्ष्य किराना स्टोर्स का भी निरीक्षण किया। यहां संचालक को दुकान में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा खाद्य अनुज्ञप्ति/पंजीयन को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग की लगातार दूसरी कार्रवाई के बाद क्षेत्र के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुरक्षित भंडारण और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

दीपक घृतलहरे, एफएसओ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page