Uncategorized

खैरागढ़ में राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आगाज, 330 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

खैरागढ़। राजा फतेह सिंह खेल मैदान में सोमवार को 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ हुआ। आयोजन में सांसद श्री पांडे और खैरागढ़ विधायक यशोदा वर्मा की अनुपस्थिति के बीच डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने दीप प्रज्ज्वलित कर चार दिवसीय आयोजन का उद्घाटन किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के रायपुर, सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के करीब 330 खिलाड़ी तथा 50 खेल अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। फुटबॉल और खो-खो की स्पर्धाओं में बालक-बालिका वर्ग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन करेंगे। इस बीच उद्घाटन समारोह में स्कूली विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांधा। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए अनुशासन, निरंतर अभ्यास और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता का औपचारिक आगाज जिपं उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने फुटबॉल मैदान में गोल दागकर किया। राष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल खिलाड़ी एवं वेसलियन स्कूल खैरागढ़ की छात्रा वर्णिका सिंह ने प्रतिभागियों को खेल भावना, निष्पक्षता और नियमों के पालन की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन ने प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया।

मुख्य अतिथि विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इनसे शारीरिक और मानसिक क्षमता के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व और सहयोग की भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से जीत-हार की चिंता किए बिना अपनी पूरी क्षमता के साथ खेलने और निरंतर अभ्यास के जरिए राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का आह्वान किया। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को प्रतिभा प्रदर्शित करने और दूसरे खिलाड़ियों से सीखने का अवसर देती हैं वहीं जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने खिलाड़ियों को टीम भावना और दृढ़ संकल्प के साथ खेलते हुए अपने विद्यालय एवं संभाग का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल गतिविधियां भी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाती हैं। प्रतिभाओं को निखारने के लिए बेहतर वातावरण, उचित मार्गदर्शन और पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने प्रतियोगिता को विद्यार्थियों की क्षमता पहचानने और उच्च स्तरीय स्पर्धाओं के लिए तैयार होने का महत्वपूर्ण मंच बताया।चार दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता में विभिन्न संभागों के खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले होंगे। आयोजन से खिलाड़ियों को अपनी तकनीकी दक्षता, शारीरिक क्षमता और रणनीतिक कौशल दिखाने के साथ आपसी सहयोग एवं सद्भाव विकसित करने का अवसर मिलेगा।समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, शिक्षा संभाग दुर्ग से के.के. शुक्ला, कल्पना स्वामी एवं सहायक संचालक मनोहर चंदेल, जिला खेल अधिकारी प्रिंकेश कश्यप, पूर्व क्रीड़ा अधिकारी कन्हैया पटेल सहित विभिन्न संभागों के प्रशिक्षक, पीटीआई, शिक्षा अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page