
मुख्य बाजार की बाजार लाइन में वारदात से मचा हड़कंप
नशा, चाकूबाजी और चोरी की घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। मुख्य बाजार की व्यस्त बाजार लाइन में सराफा व्यापारी की दुकान का शटर तोड़कर लाखों रुपये का कीमती सामान चोरी होने से नगर में हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक चोर दुकान से करीब 25 किलो चांदी और 35 से 40 ग्राम सोना ले गए हैं। वारदात के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध नजर आ रहे हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर उनकी पहचान और चोरी का खुलासा करने में जुटी है।व्यस्ततम कारोबारी इलाके में रात के समय शटर तोड़कर की गई चोरी की घटना ने पुलिस की रात्रिकालीन गश्त पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि चोरी हुए सामान की वास्तविक कीमत पुलिस जांच, बरामदगी और बाजार मूल्य के आकलन के बाद ही स्पष्ट होगी।
लॉकर को हाथ तक नहीं लगाया
वारदात में सबसे दिलचस्प पहलू यह सामने आया है कि चोरों ने दुकान के लॉकर से छेड़छाड़ नहीं की। दुकान के भीतर रखे सामान को तलाशने के बाद कीमती माल ले जाने की जानकारी है। लॉकर सुरक्षित मिलने के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों की जांच कर रही है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बाजार लाइन में पहले भी चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं। हालिया वारदात को मिलाकर यहां तीन-चार चोरी की घटनाओं की चर्चा है। लगातार हो रही घटनाओं से व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

व्यापारियों ने मांगी रात की कड़ी पेट्रोलिंग
मेडिकल व्यापारी अनु महोबिया ने नगर में पुलिस की नियमित गश्त को और प्रभावी बनाने की जरूरत बताई। उन्होंने नशे की बढ़ती समस्या पर भी चिंता जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। कपड़ा व्यापारी शैलेश जैन ने कहा कि मुख्य बाजार में इतनी बड़ी चोरी गंभीर मामला है। उन्होंने बाहर से आने वाले संदिग्ध लोगों की पहचान और पुलिस सत्यापन की व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत बताई।
सीसीटीवी में दिखे तीन संदिग्ध, पहचान अब भी बाकी
एडिशनल एसपी रूपेश दंडे के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं लेकिन फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और संदिग्धों की पहचान के साथ चोरी का खुलासा करने के प्रयास जारी हैं।
नशे के कथित कारोबार ने भी बढ़ाई चिंता
नगर में गांजे के कथित कारोबार को लेकर भी स्थानीय स्तर पर शिकायतें सामने आने की बात कही जा रही है। कुछ लोगों ने नशे के कारोबार में नाबालिगों के इस्तेमाल की आशंका जताई है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। एडिशनल एसपी दंडे ने बताया कि नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी है और संदिग्ध लोगों का सत्यापन किया जा रहा है। बाहर से आने वाले लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखने की बात पुलिस ने कही है।
चाकूबाजी और शराब दुकान के आसपास जमावड़े की शिकायत
नगर में चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों को लेकर भी नागरिकों ने चिंता जताई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक छुईखदान से खैरागढ़ मार्ग पर चाकू मारने की घटना सामने आई थी वहीं शराब दुकान के आसपास संदिग्ध लोगों के जमावड़े और नशे की हालत में विवाद की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। एडिशनल एसपी रूपेश दंडे ने कहा कि 15 अगस्त के बाद नशे और चाकूबाजी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा।
स्टाफ की कमी का भी सामने आया मुद्दा
थाने में पुलिस बल की कमी को लेकर पूछे गए सवाल पर एडिशनल एसपी ने कहा कि जिला नया होने के कारण कुछ स्तर पर स्टाफ की कमी हो सकती है। हालांकि नागरिकों का कहना है कि उपलब्ध पुलिस बल के बीच भी मुख्य बाजार और संवेदनशील इलाकों में रात की पेट्रोलिंग को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। फिलहाल छुईखदान पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती सीसीटीवी में नजर आ रहे तीनों संदिग्धों की पहचान कर चोरी का माल बरामद करना है। एक तरफ सराफा दुकान में लाखों की चोरी दूसरी तरफ नशे और चाकूबाजी की शिकायतें, इन घटनाओं ने नगर की सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। अब देखना होगा कि पुलिस का प्रस्तावित अभियान जमीन पर कितना असर दिखाता है और बाजार में व्यापारियों का भरोसा कब लौटता है।

