KCGछत्तीसगढ़

जनगणना में भागीदारी बढ़ाने कलेक्टर की पहल, स्वयं भरा स्व-गणना फॉर्म

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शासन द्वारा प्रस्तावित जनगणना को सफल और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने स्वयं स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) फॉर्म भरकर नागरिकों को सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपने कार्यालय में यह प्रक्रिया पूरी करते हुए जिलेवासियों से भी स्व-गणना सुविधा का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की। कलेक्टर ने कहा कि जनगणना केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं बल्कि विकास की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण आधार है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े शासन की योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के संतुलित उपयोग और प्राथमिकताओं के निर्धारण में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे सही और सटीक जानकारी दर्ज करें ताकि जिले और प्रदेश के लिए प्रभावी योजनाएं बनाई जा सकें। उन्होंने बताया कि डिजिटल जनगणना के तहत 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक नागरिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इस बार पूरी प्रक्रिया को डिजिटल स्वरूप दिया गया है जिससे पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित होगी। कलेक्टर के अनुसार जनगणना से प्राप्त आंकड़े शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार, पेयजल, सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं की वास्तविक जरूरतों के आकलन में मददगार साबित होंगे। इसके बाद 1 मई से 30 मई 2026 तक जनगणना का पहला चरण संचालित किया जाएगा जिसमें प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और गणना का कार्य करेंगे। अंत में कलेक्टर ने जिलेवासियों से इस महत्वपूर्ण अभियान में सहयोग देने और सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की ताकि जनगणना के माध्यम से विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page