
वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च के जरिए मताधिकार के प्रति करेंगे जागरूक
गंडईपंडरिया। कांग्रेस द्वारा 2 से 8 अक्टूबर तक मनाए जा रहे ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ को लेकर गंडई में जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शत्रुघ्न मन्नू चंदेल के नेतृत्व में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इस दौरान अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के उद्देश्य से क्षेत्र में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के माध्यम से लोगों को उनके संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार एवं मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। कोमल साहू ने करीब 13 करोड़ नाम हटाए जाने का दावा करते हुए प्रक्रिया पर सवाल उठाए वहीं फॉर्म-6 में नए प्रावधानों को लेकर युवा मतदाताओं के अधिकारों पर असर पड़ने की बात कही। कांग्रेस नेताओं के अनुसार लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के दौरान पांच चरणों में विभिन्न कार्यक्रम होंगे। अंतिम चरण में विरोध प्रदर्शन के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया जाएगा। कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से अभियान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।इस अवसर पर जिला किसान कांग्रेस महामंत्री विनोद ताम्रकार, महिला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेमलता ठाकुर, रिंकू गुप्ता, सुरेश सिन्हा, पार्षद दिलीप ओगरे, मोहसिन खान, अमित टंडन, शिव कुर्रे सहित कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।