
तुंहर टोकन ऐप से 210 और सहकारी समितियों से जारी हुए 2 टोकन
इस वर्ष 21 नए उपार्जन केंद्र बने, जिले के 72 केंद्रों में होगी धान खरीदी
खैरागढ़। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में टोकन वितरण शुरू हो गया है। धान खरीदी के पहले दिन यानी 15 नवंबर 2026 को धान विक्रय के लिए अब तक कुल 212 टोकन जारी किए गए हैं। इसके अनुसार पहले दिन 212 किसान संबंधित उपार्जन केंद्रों में अपना धान बेच सकेंगे। इनमें 210 टोकन किसानों ने ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से प्राप्त किए हैं जबकि 2 टोकन सहकारी समितियों के माध्यम से जारी हुए हैं। मोबाइल ऐप से घर बैठे टोकन प्राप्त करने की सुविधा मिलने से किसानों को धान विक्रय की तैयारी में सहूलियत हो रही है।कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में धान खरीदी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले की 65 सेवा सहकारी समितियों के अंतर्गत संचालित 72 उपार्जन केंद्रों में 15 नवंबर से धान खरीदी प्रारंभ होगी जो आगामी 15 जनवरी तक चलेगी। पूर्व वर्ष सेवा सहकारी समितियों की संख्या 39 थी जो इस वर्ष बढ़कर 65 हो गई है वहीं 21 नए उपार्जन केंद्र खुलने से खरीदी केंद्रों की संख्या 51 से बढ़कर 72 हो गई है।
73 हजार 147 किसानों ने कराया पंजीयन
जिले में समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए कुल 73 हजार 147 किसानों ने पंजीयन कराया है। पंजीकृत किसानों का कुल धान रकबा 82 हजार 562.78 हेक्टेयर है। किसानों की संख्या एवं उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए समितियों और उपार्जन केंद्रों का विस्तार किया गया है। इससे किसानों को अपने नजदीक धान विक्रय तथा उससे संबंधित प्रक्रियाएं पूरी करने की सुविधा मिलेगी।
इन 21 नए उपार्जन केंद्रों से किसानों को मिलेगी राहत
जिले में इस वर्ष कुकुरमुडा, कुम्ही, कोर्राय, जामगांव, ढाबा, देवारीभाठ, दामरी, दिलीपपुर, धनगांव, पथर्रा, पांडुका, बघमर्रा, बरबसपुर, भरतपूर, भुरभुसी, मदराकुही, मानपुर नाका, लक्ष्मणपुर, सम्बलपुर, सहसपुर एवं साल्हेकला में नए उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों के शुरू होने से विशेष रूप से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को लंबी दूरी तय करने से राहत मिलेगी। साथ ही समय और परिवहन खर्च की बचत होगी तथा पुराने खरीदी केंद्रों पर भीड़ का दबाव कम होगा।धान विक्रय के लिए किसान ‘तुंहर टोकन’ ऐप के माध्यम से उपलब्ध तिथियों के अनुसार टोकन प्राप्त कर सकते हैं। टोकन जारी करने के लिए किसानों के बैंक एवं ऋण खातों का सत्यापन पूरा होना आवश्यक है। जिला प्रशासन ने किसानों से निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए टोकन प्राप्त करने और तय तिथि पर संबंधित केंद्र में धान विक्रय के लिए पहुंचने की अपील की है।
