KCG

शांति भंग करने और गवाहों को धमकाने के आरोप में दो युवक गिरफ्तार

खैरागढ़। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका को देखते हुए साल्हेवारा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों युवकों पर मारपीट के मामले में जमानत पर रिहा होने के बाद गवाहों के पास जाकर गाली-गलौज करने और उन्हें धमकाने का आरोप है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 की रात भोला पान ठेला के पास हुई मारपीट की घटना के मामले में जमानत पर छूटने के बाद आरोपी सुभाष उर्फ शिब्बू वर्मा (22 वर्ष) और ओमकार उर्फ अजय वर्मा (21 वर्ष), दोनों निवासी झाइनगर, वार्ड क्रमांक 11, साल्हेवारा, मामले के गवाहों के पास पहुंचकर गाली-गलौज करने लगे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों द्वारा आरोपियों को समझाइश देकर शांत कराने का प्रयास किया गया, लेकिन वे नहीं माने। इस दौरान आरोपियों द्वारा पुलिस के साथ भी हुज्जतबाजी की गई और मारपीट पर उतारू होने की स्थिति निर्मित हो गई। क्षेत्र में शांति भंग होने तथा संज्ञेय अपराध घटित होने की आशंका को देखते हुए साल्हेवारा पुलिस ने दोनों आरोपियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया वहीं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के लिए धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर दोनों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page