
21 नए उपार्जन केंद्र खुलने से किसानों को मिलेगी राहत
73 हजार से अधिक किसानों का हुआ पंजीयन
‘किसान-तुंहर टोकन’ ऐप से टोकन वितरण भी शुरू
खैरागढ़। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में 15 नवंबर से 72 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से किसानों से धान की खरीदी शुरू होगी, जो 15 जनवरी तक चलेगी। किसानों को उपज बेचने में सहूलियत देने के उद्देश्य से इस वर्ष जिले में 21 नए उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए गए हैं। इसके साथ ही सेवा सहकारी समितियों की संख्या भी 39 से बढ़ाकर 65 कर दी गई है। जिले में पहले 51 उपार्जन केंद्र संचालित थे जिनकी संख्या अब बढ़कर 72 हो गई है। वहीं, 65 सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से खरीदी की व्यवस्था की गई है। उपार्जन केंद्रों के विस्तार से विशेषकर दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अब उन्हें धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे परिवहन खर्च और समय की बचत के साथ ही पुराने खरीदी केंद्रों पर भीड़ और लंबी कतारों का दबाव भी कम होगा।
73 हजार से अधिक किसानों का पंजीयन
जिले में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय के लिए कुल 73 हजार 147 किसानों ने पंजीयन कराया है। इन किसानों का कुल पंजीकृत रकबा 82 हजार 562.78 हेक्टेयर है। किसानों की संख्या और खरीदी के संभावित दबाव को देखते हुए प्रशासन ने उपार्जन व्यवस्था का विस्तार किया है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को सभी खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। केंद्रों में बारदाने की उपलब्धता, धान के सुरक्षित भंडारण, परिवहन तथा किसानों के पंजीयन और राजस्व अभिलेखों के सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
किसान-तुंहर टोकन ऐप से घर बैठे मिलेगा टोकन
धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए ‘किसान-तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन वितरण शुरू कर दिया गया है। कुल टोकनों में से 70 प्रतिशत टोकन मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन तथा शेष 30 प्रतिशत संबंधित उपार्जन केंद्रों और समितियों के माध्यम से जारी किए जाएंगे। इससे किसान घर बैठे टोकन प्राप्त कर सकेंगे वहीं ऑनलाइन सुविधा का उपयोग नहीं कर पाने वाले किसानों के लिए समितियों और खरीदी केंद्रों में टोकन लेने की व्यवस्था रहेगी। रकबे के आधार पर सीमांत किसानों को अधिकतम एक, लघु किसानों को दो तथा दीर्घ किसानों को अधिकतम तीन टोकन जारी किए जाने का प्रावधान है। ऑनलाइन टोकन पंजीयन की सुविधा रविवार से शुक्रवार तक 24 घंटे उपलब्ध रहेगी हालांकि शनिवार, रविवार एवं अन्य शासकीय अवकाश के दिनों में धान की तौल नहीं होगी। टोकन जारी होने वाले दिन की तौल तिथि का चयन भी नहीं किया जा सकेगा।
बैंक खातों का सत्यापन..होगा जरूरी
प्रशासन के अनुसार टोकन केवल उन्हीं किसानों को जारी किए जाएंगे, जिनके बैंक एवं ऋण खातों का सत्यापन पूरा हो चुका है। टोकन में प्रति बोरा 0.40 क्विंटल अर्थात 40 किलोग्राम के निर्धारित अनुपात में मात्रा दर्ज करना अनिवार्य होगा। जिला प्रशासन ने सभी पंजीकृत किसानों से समय पर टोकन प्राप्त करने और निर्धारित तिथि पर संबंधित उपार्जन केंद्र में धान विक्रय के लिए पहुंचने की अपील की है।

