
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। सुशासन तिहार-2026 के तहत ग्राम पंचायत बढ़ईटोला में आयोजित समाधान शिविर कई ग्रामीणों के लिए राहत और भरोसे का केंद्र बना। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद हितग्राहियों तक पहुंचाया गया। इसी दौरान गांव के दो बुजुर्गों को श्रवण यंत्र प्रदान किए गए जिससे उनकी लंबे समय से चली आ रही सुनने की समस्या का समाधान हो सका। बढ़ईटोला निवासी लिखन राम वर्मा और ज्ञान राम सिन्हा लंबे समय से कम सुनाई देने की परेशानी से जूझ रहे थे। इसके कारण उन्हें दैनिक कार्यों बातचीत और सामाजिक गतिविधियों में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।

समाधान शिविर में स्वास्थ्य विभाग और समाज कल्याण विभाग की पहल पर दोनों को श्रवण यंत्र उपलब्ध कराए गए। श्रवण यंत्र मिलने के बाद दोनों बुजुर्गों ने खुशी जताते हुए कहा कि अब वे परिवार और आसपास के लोगों से बेहतर तरीके से संवाद कर सकेंगे। उन्होंने शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर ग्रामीणों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि सुशासन तिहार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सीधे उपलब्ध कराना है। शिविर में स्वास्थ्य, पंचायत, राजस्व और समाज कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा सेवाएं प्रदान की गईं।
