KCGछत्तीसगढ़

प्रदेश में युवा कांग्रेस चुनाव को लेकर जिले में बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। प्रदेश स्तर पर होने वाले युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को लेकर केसीजी जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रदेश अध्यक्ष से लेकर ब्लॉक अध्यक्ष तक विभिन्न पदों पर होने वाले इस चुनाव की तैयारियां कांग्रेस संगठन ने प्रारंभ कर दी हैं। इसका असर जिले में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है जहां युवा कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच सक्रियता बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा का कार्यकाल तीन वर्ष से अधिक हो चुका है। ऐसे में संगठन में नई टीम के गठन को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। जिले के कई युवा नेता अलग-अलग पदों पर अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हुए हैं। सोशल मीडिया अभियान से लेकर जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से संपर्क साधने तक की गतिविधियां तेज हो गई हैं।

जानकारी अनुसार युवा कांग्रेस का सदस्यता अभियान मई-जून के बीच शुरू किया जा सकता है। इसी सदस्यता अभियान के आधार पर आगे की चुनावी प्रक्रिया तय की जाएगी। संगठन की ओर से अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने की रणनीति बनाई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक चुनाव प्रक्रिया के संचालन के लिए भारतीय युवा कांग्रेस की इलेक्शन टीम जल्द ही रायपुर पहुंचेगी। यह टीम प्रदेशभर में चुनाव प्रक्रिया की मॉनिटरिंग और संचालन की जिम्मेदारी संभालेगी।

युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महासचिव, जिला अध्यक्ष, जिला महासचिव, विधानसभा अध्यक्ष व ब्लॉक अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होना है। खैरागढ़ प्रवास के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी युवा कांग्रेस चुनाव को लेकर संकेत दिए थे जिसके बाद जिले में राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बार युवा कांग्रेस चुनाव में कई नए चेहरे सामने आ सकते हैं। पूर्व पदाधिकारी, एनएसयूआई से जुड़े युवा कार्यकर्ता और जिले में सक्रिय युवा नेता चुनावी मैदान में अपनी भागीदारी दर्ज करा सकते हैं। इससे जिले की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना भी जताई जा रही है वहीं राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी है कि कई वरिष्ठ नेता अपने पसंदीदा युवा नेताओं के संपर्क में हैं और उन्हें चुनाव लड़ने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।

आने वाले समय में नगर पालिका खैरागढ़ चुनाव और उसके बाद वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि युवाओं की भूमिका आगामी चुनावों में निर्णायक हो सकती है। ऐसे में यह भी महत्वपूर्ण होगा कि सदस्यता अभियान के दौरान जिले से कितने युवाओं को संगठन से जोड़ा जाता है।फिलहाल जिले के राजनीतिक माहौल में युवा कांग्रेस चुनाव को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है और संभावित उम्मीदवार लगातार अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page