Uncategorized

खैरागढ़ में तेज रफ्तार एंबुलेंस से कुचलकर 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शहर में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। बुधवार की देर शाम नगर के ईतवारी बाजार क्षेत्र में ग्रामीण बैंक के सामने एक तेज रफ्तार एंबुलेंस की चपेट में आने से 55 वर्षीय कमल नारायण तिवारी (उर्फ बेबे महाराज) की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद एंबुलेंस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किल्लापारा निवासी कमल नारायण तिवारी शाम के समय अपने घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एंबुलेंस ने पहले सड़क पर खड़ी एक गाय को टक्कर मारी जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और वहां से गुजर रहे तिवारी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे सड़क पर गिर पड़े और एंबुलेंस का पहिया उनके पेट के ऊपर से गुजर गया। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने गंभीर रूप से घायल तिवारी को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने आंतरिक चोटों के कारण उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों और परिचितों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है। स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा फरार चालक और वाहन की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। गौरतलब है कि नगर क्षेत्र में बीते छह माह के भीतर एंबुलेंस से जुड़ा यह तीसरा सड़क हादसा है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से नागरिकों में भय और आक्रोश का वातावरण है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि एंबुलेंस सहित सभी आपातकालीन वाहनों की गति सीमा निर्धारित की जाए जीपीएस आधारित निगरानी प्रणाली अनिवार्य की जाए तथा घनी आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष यातायात नियंत्रण व्यवस्था लागू की जाए। नागरिकों का कहना है कि आपातकालीन सेवा का उद्देश्य जीवन बचाना है लेकिन यदि लापरवाही और अनियंत्रित गति से आमजन की जान जोखिम में पड़ रही है तो इस पर सख्त और तत्काल कार्रवाई आवश्यक है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page