Uncategorized

मोल दिवस पर छात्राओं ने दिखाई वैज्ञानिक प्रतिभा, क्विज में बिंदिया साहू रहीं अव्वल

खैरागढ़। नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय खैरागढ़ में रसायन शास्त्र विभाग द्वारा 23 अक्टूबर को राष्ट्रीय मोल दिवस के अवसर पर शैक्षणिक कार्यक्रम एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ.ओ.पी. गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विज्ञान संकाय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी विषयगत समझ और वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की संयोजिका एवं रसायन शास्त्र विभाग की अतिथि सहायक प्राध्यापक मैथिली पटेल ने मोल की अवधारणा और रसायन विज्ञान में इसके महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य छात्राओं को रसायन विज्ञान की मूलभूत अवधारणाओं से परिचित कराने के साथ उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक क्षमता और विषय के प्रति रुचि विकसित करना है।

रसायन विज्ञान पर आधारित क्विज प्रतियोगिता में छात्राओं के बीच रोचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। प्रतियोगिता में बीएससी तृतीय सेमेस्टर की बिंदिया साहू ने प्रथम, बीएससी पंचम सेमेस्टर की पार्वती वर्मा ने द्वितीय तथा बीएससी प्रथम सेमेस्टर की रेणुका जंघेल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही छात्राओं को ऐसे शैक्षणिक आयोजनों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में डॉ.मेधाविनी तुरे, डॉ.कौशल साहू, दुर्वासा सिन्हा, मानिकचंद बंजारे, अजय वर्मा, सौरभ साहू, वासुदेव साहू, लक्ष्मीकांत, शिखा जोशी और वर्षा साहू सहित महाविद्यालय का शैक्षणिक स्टाफ उपस्थित रहा। आयोजन के माध्यम से छात्राओं को रसायन विज्ञान की अवधारणाओं को रोचक ढंग से समझने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page