KCGटॉप न्यूज़

वनांचल के गातापार नाका सरकारी अस्पताल को मिला राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के वनांचल क्षेत्र स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गातापार नाका ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। केंद्र को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। यह सम्मान दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सुरक्षित और मानक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों को बेहतर उपचार साफ सफाई दवा उपलब्धता और व्यवस्थागत सुधार पर विशेष ध्यान दिया जिसके परिणामस्वरूप गातापार नाका प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ने राष्ट्रीय स्तर के मानकों को पूरा किया। एनक्यूएएस मूल्यांकन के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को दी जा रही सेवाओं, आधारभूत सुविधाओं, संक्रमण नियंत्रण, दवा प्रबंधन, रिकॉर्ड संधारण, रेफरल व्यवस्था और गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली समेत विभिन्न बिंदुओं का परीक्षण किया गया। सभी मानकों पर संतोषजनक प्रदर्शन के बाद केंद्र को प्रमाणन प्रदान किया गया। इस उपलब्धि में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा, विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष बघेल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सोनल ध्रुव, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर बृजेश ताम्रकार, आरएमए आकांक्षा सिंह, डॉ. संस्कार दुबे, बीडीएम ऐश्वर्य जंघेल, फार्मासिस्ट वीनू, जेएसए नवीन पाल, हेमंत साहू, यूनिसेफ छत्तीसगढ़ टीम, डिविजनल क्वालिटी कंसल्टेंट कविता चंद्राकर, स्टेट क्वालिटी सेल, जीवन दीप समिति गातापार, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों मितानिनों और स्वास्थ्य केंद्र के समस्त स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने पूरी टीम को बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि यह उपलब्धि जिले के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को भी गुणवत्ता सुधार और एनक्यूएएस प्रमाणन के लिए प्रेरित करेगी।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page