
करमा और बैगा नृत्य के साथ गौरा-गौरी व सुआ गीतों ने मोहा सबका मन

जनजातीय नायकों के योगदान को किया गया स्मरण

खैरागढ़। राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय में 20 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कुलपति प्रो.लवली शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित समारोह में जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और लोकजीवन की जीवंत झलक देखने को मिली। करमा एवं बैगा नृत्य के साथ गौरा-गौरी और सुआ गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थितजनों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्व.राजा बीरेंद्र बहादुर सिंह, स्व.रानी पद्मावती और राजकुमारी इंदिरा सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर कुलपति लवली शर्मा ने अपने उद्बोधन में बिरसा मुंडा, तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, चांद-भैरव, रानी दुर्गावती, टंट्या भील, वीर नारायण सिंह और वीर गुंडाधुर सहित जनजातीय महापुरुषों के संघर्ष, साहस और राष्ट्र के प्रति योगदान का स्मरण किया।उन्होंने कहा कि जनजातीय संस्कृति प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व, सामूहिकता और पारंपरिक जीवन मूल्यों की अनूठी पहचान है। इस अमूल्य सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है। समारोह में मुख्य वक्ता डॉ.देवमाईत मिंज ने जनजातीय संस्कृति को भारतीय सभ्यता की महत्वपूर्ण धरोहर बताते हुए उसके सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला वहीं कला संकाय के अधिष्ठाता प्रो.राजन यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान डॉ.मिंज ने कुलपति तथा संदीप किंडो ने प्रो.डॉ. राजन यादव का स्वागत किया।
मंडला के करमा और बैगा नृत्य की प्रस्तुतियों ने छोड़ा विशेष आकर्षण
सांस्कृतिक कार्यक्रम में मंडला करमा और बैगा नृत्य की प्रस्तुतियों ने विशेष आकर्षण पैदा किया। मांदर, ढोल और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप पर कलाकारों ने जनजातीय जीवन की उमंग और सामूहिकता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। करमा नृत्य में गोंड जनजातीय परंपरा की झलक दिखाई दी वहीं बैगा नृत्य में पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण और चटकोला ने दर्शकों को आकर्षित किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने गौरा-गौरी के पारंपरिक गीतों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को साकार किया। गायन पक्ष की सुआ गीत प्रस्तुति ने भी लोकधुनों और सामूहिक गायन के जरिए समारोह में छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति की मिठास घोल दी।सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का निर्देशन लोकसंगीत विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ.दीपशिखा पटेल ने किया। गायन में डॉ.विद्या सिंह राठौर एवं डॉ.परमानंद पांडेय ने योगदान दिया वहीं वादन पक्ष में डॉ. बिहारी लाल तारम, डॉ.नत्थू लाल तोड़े, रामचंद्र सर्पे, सुखराम साहू, कारण, योगेश्वर, सुनील सहित अन्य संगतकारों ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों से प्रस्तुतियों को प्रभावी बनाया। इसमें विभाग के विद्यार्थियों और शिक्षकों की भी सक्रिय सहभागिता रही।
जनजातीय कला एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी भी लगी
समारोह के अवसर पर जनजातीय कला एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें गोंडी एवं भील चित्रकला, पिथोरा कला, बांस शिल्प और पारंपरिक हस्तशिल्प के माध्यम से जनजातीय समाज की रचनात्मकता और कलात्मक विरासत को प्रदर्शित किया गया। अतिथियों एवं उपस्थितजनों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।