KCG

पटवारियों के समर्थन में कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने निकाली आक्रोश रैली

खैरागढ़। राजस्व पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल को समर्थन देते हुए छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन की जिला इकाई ने खैरागढ़ जिला मुख्यालय में आक्रोश रैली निकालकर शासन के रवैये के खिलाफ विरोध जताया। ईतवारी बाजार स्थित धरना स्थल से निकली रैली कलेक्ट्रेट पहुंची जहां फेडरेशन के पदाधिकारियों ने दो सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपील की। इससे पहले ईतवारी बाजार में पटवारियों के धरना स्थल पर आयोजित सभा में फेडरेशन के पदाधिकारियों ने पटवारी संघ की मांगों का समर्थन करते हुए शासन द्वारा की जा रही कथित दमनात्मक और दंडात्मक कार्रवाइयों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पटवारियों की लंबित और न्यायोचित मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर बातचीत के माध्यम से समाधान निकाला जाना चाहिए। मांगों का निराकरण करने के बजाय कार्रवाई का रास्ता अपनाने से कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित हो रहा है।

फेडरेशन द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में पहली मांग राजस्व पटवारियों की लंबित मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए एसीबी सहित अन्य दमनात्मक एवं दंडात्मक कार्रवाइयों को तत्काल निरस्त करने की है। साथ ही पटवारी संघ के साथ संवाद स्थापित कर सम्मानजनक समाधान निकालने की मांग की गई है। दूसरी मांग केंद्र सरकार के समान कर्मचारियों को महंगाई भत्ते का लाभ देने तथा लंबित तीन प्रतिशत महंगाई भत्ते का शीघ्र भुगतान करने की है। फेडरेशन ने शासन से दोनों मांगों पर त्वरित निर्णय लेने का आग्रह किया। रैली और ज्ञापन सौंपने के दौरान फेडरेशन के जिला संयोजक प्रखर शरण सिंह, महासचिव रविन्द्र डडसेना, दिलीप सिंह बैस, खुमान यादव, ध्रुव कुमार सोनी, अजय श्रीवास्तव, रामलाल साहू, सगीर कुरैशी, अजय राजपूत, मकसूद खान, कमलेश्वर सिंह, लक्ष्मण मकराम, धर्मेंद्र कांडे, अनिल देवांगन, उमेश साहू, नवीन मोहबे सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी-अधिकारी और पटवारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page