KCG

स्व-सहायता समूहों को अधिक ऋण देने और उद्यम ऋण वितरण में तेजी लाने के निर्देश

खैरागढ़। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने बैंक शाखा प्रबंधकों को स्व-सहायता समूहों की ऋण सीमा बढ़ाने तथा उनके ऋण आवेदनों का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने समूह सदस्यों को स्वरोजगार और उद्यम स्थापना के लिए दिए जाने वाले व्यक्तिगत ऋण की स्वीकृति एवं वितरण में भी तेजी लाने पर जोर दिया।जिला पंचायत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के सभाकक्ष में 18 नवंबर को आयोजित जिला स्तरीय बैंकर्स प्रशिक्षण सह कार्यशाला में श्री पटेल ने बैंक अधिकारियों, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के कर्मचारियों और मैदानी कैडर सदस्यों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवारों की आर्थिक आत्मनिर्भरता और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में बैंकों की योजनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए पात्र समूहों को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना जरूरी है।कार्यशाला में राष्ट्रीय ग्रामीण विकास संस्थान, हैदराबाद के नेशनल रिसोर्स पर्सन एवं मास्टर ट्रेनर कोटागिरी श्रीनिवासराव ने बैंकिंग प्रक्रियाओं और ऋण योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्व-सहायता समूहों द्वारा समय पर ऋण चुकाने से बैंक और समूह दोनों को लाभ मिलता है। उन्होंने शाखा प्रबंधकों से समूहों को अधिक ऋण उपलब्ध कराने के साथ उनके सदस्यों को व्यक्तिगत उद्यम स्थापित करने के लिए ऋण स्वीकृत करने की प्रक्रिया सरल और तेज बनाने का आग्रह किया। प्रशिक्षण के दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत समूह ऋण के लिए निर्धारित बैंक लोन प्रोडक्ट कोड, भारतीय रिजर्व बैंक के नवीन दिशा-निर्देशों तथा व्यक्तिगत उद्यम ऋण के लिए जारी नए ऑनलाइन आवेदन फॉर्म की विस्तृत जानकारी दी गई। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के नवा रायपुर-अटल नगर स्थित कार्यालय से अशोक कुमार भी कार्यशाला में शामिल हुए। समापन अवसर पर मास्टर ट्रेनर श्रीनिवासराव ने बैंक शाखा प्रबंधकों से समूह ऋण और व्यक्तिगत उद्यम ऋण के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा लंबित प्रकरणों में शीघ्र स्वीकृति एवं राशि वितरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंक शाखा प्रबंधकों और कैडर सदस्यों को सम्मानित भी किया गया। कार्यशाला में जिले के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला एवं विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक, क्षेत्रीय समन्वयक, वित्तीय साक्षरता सामुदायिक संसाधन व्यक्ति और बैंक मित्र उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page