जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन, कामठा केंद्र में 88 प्रतिशत परीक्षार्थी हुए शामिल

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला स्तरीय निःशुल्क सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता 2026 समिति के तत्वावधान में 7वीं जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन पूरे केसीजी जिले में किया गया। प्रतियोगिता के लिए जिले में कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे जिनमें खैरागढ़, पांडादाह, ठेलकाडीह, जालबांधा, बाजार अतरिया, कामठा, छुईखदान, बुंदेली, रोड अतरिया, गंडई, साल्हेवारा एवं ठाकुरटोला शामिल रहे। प्रतियोगिता का आयोजन तीन स्तरों पर किया गया। जिलेभर में प्राथमिक स्तर पर 952, माध्यमिक स्तर पर 2371 तथा हाई/हायर सेकेंडरी स्तर पर 1406 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया। कुल पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 3897 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए जिनकी कुल उपस्थिति लगभग 82 प्रतिशत रही। खैरागढ़ विकासखंड के परीक्षा केंद्र हायर सेकेंडरी स्कूल कामठा में कुल 217 परीक्षार्थियों का पंजीयन हुआ था जिनमें से 191 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। प्राथमिक स्तर पर पंजीकृत 38 में से 35, माध्यमिक स्तर पर 74 में से 66 तथा हाई/हायर सेकेंडरी स्तर पर पंजीकृत 105 में से 90 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। इस प्रकार केंद्र में कुल 25 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे और कुल उपस्थिति लगभग 88 प्रतिशत रही। परीक्षा की व्यवस्थाओं एवं संचालन का जायजा लेने के लिए खैरागढ़ विकासखंड के परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण के लिये निरीक्षण दल का गठन किया गया था। निरीक्षण दल के मनोज वर्मा, लिलेश वर्मा, देवेन्द्र यादव एवं भीखम वर्मा ने परीक्षा केंद्र कामठा का औचक निरीक्षण किया तथा परीक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी ली।जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन समिति के जिला अध्यक्ष पन्नालाल जंघेल, जिला सचिव रूपेश देवांगन, छुईखदान ब्लॉक प्रभारी कौशल सिंह राजपूत एवं खैरागढ़ ब्लॉक प्रभारी महदीप जंघेल के निर्देशन में किया गया। परीक्षा केंद्र कामठा में परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में केंद्राध्यक्ष अजय कुमार वर्मा तथा पर्यवेक्षकगण कमलेश वर्मा, लवकुश वर्मा, हिरेंद्र वर्मा, मधु कुमार यादव, पवन वर्मा, गोकुल वर्मा, रूपेंद्र कुमार सेन, राहुल वर्मा, कु. नेहा वर्मा, कु. दामिनी वर्मा एवं कु. मिथलेश निषाद ने निःशुल्क सेवा प्रदान करते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में कुल 100 प्रश्न पूछे गए जिनमें केसीजी जिले से 30, छत्तीसगढ़ से 30, भारत देश से 30 तथा विश्व से संबंधित 10 प्रश्न शामिल थे। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। परीक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक परीक्षा में भाग लिया और परीक्षा का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
