KCG

दाऊचौरा पुल के गड्ढे बने परेशानी का सबब, राहगीर लगातार परेशान

खैरागढ़। शहर को डोंगरगढ़, पांडादाह, मुढ़ीपार और मध्यप्रदेश के लांजी बालाघाट तथा महाराष्ट्र के गोंदिया जिले से जोड़ने वाले दाऊचौरा वार्ड स्थित रियासतकालीन पुल और पुल की बदहाल सड़क राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। पुल की सड़क जगह-जगह से उखड़ चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढों ने आवागमन को मुश्किल बना दिया है। सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि वाहन चालकों को संभलकर रास्ता तय करना पड़ रहा है। इसके बावजूद नगर पालिका की ओर से अब तक मरम्मत की ठोस पहल नजर नहीं आ रही है। ऐसे में सवाल उठने लगा है कि आखिर जिम्मेदारों की नजर इस बदहाल पुल पर कब पड़ेगी?

दाऊचौरा पुल से प्रतिदिन आवागमन करने वाले लोगों को सड़क पर बने गड्ढों के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यहां से गुजरना जोखिम भरा साबित हो रहा है। गड्ढों से बचने के प्रयास में वाहन चालकों को अचानक दिशा बदलनी पड़ती है जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ने और दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने पर ये गड्ढे और भी खतरनाक साबित हो सकते हैं।

नगर के बीच स्थित एक महत्वपूर्ण पुल की सड़क की ऐसी स्थिति प्रशासन और शासन के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों का सीधा सवाल है कि क्या जिम्मेदार अधिकारियों को सड़क की बदहाली की जानकारी नहीं है? क्या मरम्मत के लिए किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार किया जा रहा है? आखिर कब तक राहगीर इस परेशानी के बीच आवागमन करने को मजबूर रहेंगे?

पुल और यहां से गुजरने वाली सड़क के मरम्मत तथा नव निर्माण के लिए नागरिक पहले भी धरना तथा आंदोलन कर चुके हैं। पुल की बदहाल स्थिति शासन और प्रशासन के नुमाइंदो से छुपी हुई नहीं है। नागरिकों की ओर से पहले भी इसके मरम्मत को लेकर आवेदन दिया जा चुका है और समाचार पत्रों में इसकी बदहाल स्थिति को बार-बार उजागर भी किया जा चुका है लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। पुल की दयनीय दशा को लेकर यह सवाल भी खड़े हो रहे हैं कि क्या ट्रिपल इंजन की सरकार में एक अदद पुल की मरम्मत भी नहीं कराई जा सकती जो क्षेत्र के नागरिकों को अंतर राज्यीय सीमा से जोड़ता है।

आम जनता की मांग है कि प्रशासन को चाहिए दाऊचौरा के रियासतकालीन पुल का तत्काल निरीक्षण कराकर सड़क की स्थिति का आकलन किया जाए और गड्ढों की गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी मरम्मत कराई जाए। केवल अस्थायी तौर पर गड्ढे भरकर औपचारिकता पूरी करने के बजाय ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए जिससे सड़क लंबे समय तक सुरक्षित और सुगम बनी रहे। दाऊचौरा पुल के ये गड्ढे अब राहगीरों की परेशानी के साथ जिम्मेदारों की जवाबदेही पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन समय रहते सुध लेता है या फिर नागरिकों को इसी बदहाल सड़क से गुजरने के लिए जान जोखिम में डालकर मजबूर रहना पड़ेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page