
द्वितीय वर्ष भी श्री श्याम सेवा परिवार का भव्य आयोजन बना आकर्षण का केंद्र
छुईखदान। खाटू वाले श्री श्याम बाबा के पावन पाट्योत्सव के अवसर पर 19 नवंबर को श्री श्याम सेवा परिवार छुईखदान द्वारा लक्ष्मीनारायण मंदिर (रानी मंदिर) परिसर में ‘एक शाम श्याम बाबा के नाम’ भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। लगातार दूसरे वर्ष आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। बाबा श्याम के जयकारों और सुमधुर भजनों से पूरा मंदिर परिसर देर रात तक भक्तिमय बना रहा। आयोजन के लिए मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत रोशनी एवं फूलों से सजाया गया था वहीं श्री श्याम बाबा का भव्य एवं अलौकिक दरबार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। बाबा के मनमोहक श्रृंगार और दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायिका विद्या सिंह राठौड़ सहित ललित चोपड़ा, संभव लूनिया, रौनक शर्मा एवं विवेक जैन ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्याम प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। एक से बढ़कर एक भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते और नाचते रहे।कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रात्रि 12 बजे देखने को मिला, जब केक काटकर बाबा श्याम का पाट्योत्सव मनाया गया। इसके बाद बाबा की भव्य आरती की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ अपनी श्रद्धा और भक्ति प्रकट की। आरती एवं उत्सव के इस पल ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक सरोकारों को भी प्राथमिकता देते हुए श्री श्याम सेवा परिवार ने गौ सेवा एवं जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली संस्थाओं और समाजसेवियों को प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इनमें श्री राम गौ सेवा समिति छुईखदान, प्रेरणा क्लब, मधुबन महिला गौ सेवा समिति, पशु प्रेमी दिनेश महोबिया, वृक्ष मित्र समिति एवं जय जगन्नाथ सेवा समिति शामिल रहे। आयोजन समिति ने सभी के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। श्री श्याम सेवा परिवार के सदस्य नवीन चंद्राकर ने कहा कि लगातार दूसरे वर्ष बाबा श्याम का पाट्योत्सव श्याम प्रेमियों और नगरवासियों के सहयोग से भव्य रूप में मनाया गया। आयोजन का उद्देश्य केवल धार्मिक कार्यक्रम करना नहीं, बल्कि श्याम भक्ति के माध्यम से समाज को एकजुट करना तथा गौ सेवा एवं जनसेवा में जुटी संस्थाओं को सम्मानित कर उनके सेवा भाव को प्रोत्साहित करना भी है वहीं अंकित गुप्ता ने कहा कि श्री श्याम सेवा परिवार धार्मिक आयोजनों के माध्यम से नगर में भक्ति, सामाजिक एकता और सेवा भावना को मजबूत करने के लिए प्रयासरत है। दूसरे वर्ष भी श्याम प्रेमियों का उत्साह और सहयोग सराहनीय रहा। कार्यक्रम का समापन बाबा श्याम की आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ।


