
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। आगामी धान खरीदी और शासन की विभिन्न कृषि एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के किसानों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में एग्री स्टैक पंजीयन अभियान चलाया जा रहा है। जिला प्रशासन ने सभी किसानों से समय रहते पंजीयन कराने की अपील की है ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासन के अनुसार जिन भूमि अभिलेखों में एक से अधिक खातेदार अथवा सहखातेदार दर्ज हैं उन सभी का एग्री स्टैक में पंजीयन कराना अनिवार्य है। इससे किसानों और भूमि संबंधी जानकारी का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा जिससे पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जा सकेगा। पंजीयन के लिए किसानों को अपना आधार कार्ड तथा आधार से लिंक मोबाइल नंबर लेकर निर्धारित केंद्रों में पहुंचना होगा। एग्री स्टैक के माध्यम से तैयार होने वाला डिजिटल डेटाबेस समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कृषि अनुदान और अन्य शासकीय सुविधाओं के वितरण को अधिक सरल और प्रभावी बनाएगा। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे शीघ्र अपना एग्री स्टैक पंजीयन पूर्ण कराएं तथा जिन भूमि अभिलेखों में सहखातेदार हैं उन्हें भी पंजीयन के लिए प्रेरित करें। प्रशासन का कहना है कि समय पर पंजीयन कराने से धान खरीदी सहित भविष्य में मिलने वाली विभिन्न कृषि सेवाओं और शासकीय योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त किया जा सकेगा। यह जनजागरूकता अभियान जिला प्रशासन खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा किसान हित में जारी अभियान के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है।


