KCG

बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर के खिलाफ उदयपुर में किसानों का चक्काजाम

सत्यमेव न्यूज उदयपुर। खेती-किसानी के महत्वपूर्ण दौर में पर्याप्त और नियमित बिजली आपूर्ति नहीं मिलने तथा स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों को लेकर रविवार को उदयपुर में किसानों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बिजली विभाग से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर किसानों ने सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चक्काजाम कर अपनी मांगों की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। चक्काजाम के कारण उदयपुर-बुंदेली एवं उदयपुर-छुईखदान मार्ग पर करीब चार घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए और उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में हस्ताक्षरयुक्त आवेदन सहायक अभियंता विद्युत वितरण केंद्र छुईखदान को सौंपा।

किसानों ने आवेदन के माध्यम से कृषि कार्य के लिए पर्याप्त एवं नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने अनावश्यक विद्युत कटौती तत्काल बंद करने तथा निर्धारित समय के अनुसार किसानों को बिजली उपलब्ध कराने की मांग की। किसानों का कहना है कि वर्तमान समय में सिंचाई के लिए बिजली बेहद जरूरी है। लगातार बिजली कटौती के कारण खेतों में सिंचाई प्रभावित हो रही है जिससे फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ने और नुकसान का खतरा बढ़ गया है। किसानों और उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर को लेकर सामने आ रही शिकायतों की जांच कराने की मांग भी रखी। उनका कहना है कि स्मार्ट मीटर से संबंधित समस्याओं और आपत्तियों का उचित निराकरण किया जाना चाहिए। साथ ही जिन उपभोक्ताओं द्वारा स्मार्ट मीटर बदलने के लिए आवेदन किया जा रहा है उनके आवेदन स्वीकार कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

प्रदर्शन कर रहे किसानों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। किसानों ने कहा कि जरूरत पड़ने पर जिला मुख्यालय में चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। किसानों ने बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार और उनकी समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page