
खैरागढ़ में भाजपा किसान मोर्चा की जिला कार्यसमिति की प्रथम परिचयात्मक बैठक आयोजित
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। भाजपा जिला कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा की जिला कार्यसमिति की प्रथम परिचयात्मक बैठक गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को मजबूती प्रदान करने, किसानों के हित में केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। राज्य के विकास और किसानों के उत्थान के लिए समर्पित सरकार: चौलेश्वर चंद्राकर बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा किसान मोर्चा दुर्ग संभाग प्रभारी चौलेश्वर चंद्राकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ में किसान मोर्चा की बेहद महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। राज्य की विष्णुदेव साय सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास और इसे नक्सल मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर युद्ध की स्थितियों के बावजूद छत्तीसगढ़ में किसानों के लिए खाद की कोई कमी नहीं होने दी गई। चंद्राकर ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे किसानों को आधुनिक खेती के लिए प्रेरित करें और सरकार की उपलब्धियों को हर किसान तक पहुंचाएं। उन्होंने आगामी समय में मन की बात कार्यक्रम को किसानों के साथ बैठकर सुनने का आह्वान किया और 2028 में पुनः राज्य में भाजपा की सरकार बनाने तथा खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का विधायक जिताने के लिए कार्यकर्ताओं में नए उत्साह का संचार किया।
किसान मोर्चा शासन और किसानों के बीच सेतु का कार्य करे: विक्रांत सिंह
जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि आधारित छत्तीसगढ़ में किसान मोर्चा संगठन मात्र न होकर शासन और किसानों के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि निरंतर किसानों के संपर्क में रहें।
विक्रांत सिंह ने मोदी सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि केंद्र सरकार खाद पर निरंतर सब्सिडी दे रही है और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से किसानों की फसलों को सुरक्षा कवच प्रदान कर रही है। राज्य में 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है और अंतर की राशि का भुगतान एकमुश्त किया जा रहा है, जिससे किसान समृद्ध और खुशहाल हो रहे हैं।
किसानों की समस्याओं का समाधान ही प्राथमिक उद्देश्य: नरेंद्र मानिकपुरी व प्रवीण नीलू राजपूत
जिला सहप्रभारी नरेंद्र मानिकपुरी ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के सबसे महत्वपूर्ण मोर्चा में कार्य करना गर्व की बात है। पदाधिकारियों की मुख्य जिम्मेदारी किसानों की समस्याओं का समाधान करना और शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाना है।
जिला प्रभारी प्रवीण नीलू राजपूत ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का आधार हमारे किसान हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर किसानों से संवाद स्थापित करने और मंडल स्तर पर किसानों के साथ मन की बात कार्यक्रम से जुड़ने का आग्रह किया।
पदाधिकारियों ने व्यक्त किए विचार, आभार के साथ बैठक संपन्न
इससे पूर्व बैठक की शुरुआत में किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष केशव चंदेल ने स्वागत उद्बोधन देते हुए सभी अतिथियों का अभिनंदन किया और मोर्चा की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डाला। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए किसान मोर्चा के उज्ज्वल भविष्य और उत्कृष्ट कार्यप्रणाली की कामना की। कार्यक्रम के अंत में जिला किसान मोर्चा महामंत्री अशोक साहू ने उपस्थित सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर आनंद सिन्हा, जीवन देवांगन, भुनेश्वरी देवांगन, देवकुमार सेन, पुष्पराज सिंह, योगेंद्र कौशिक, नरेंद्र वर्मा, रघुनाथ साहू, युवराज साहू, नरेश वर्मा, नेमसिंग वर्मा, तसिल पटेल, देवकुमार वर्मा, कालूराम साहू सहित बड़ी संख्या में किसान मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
